डीग ब्यूरो रिपोर्ट। 

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज डीग दौरे पर रहे। वे यहां कांग्रेस प्रत्याशी विश्वेंद्र सिंह की नामांकन सभा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री गहलोत ने डीग पहुंचने के बाद सबसे पहले लक्ष्मण मंदिर में दर्शन किए। उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह भी रहे।

जिला बनने की दी बधाई

सभा में मुख्यमंत्री गहलोत ने सबसे पहले डीग जिला बनाने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिला बनने से लोगों को काम करवाने में आसानी होगी। 100 से ज्यादा उम्र के लोग मुझे आशीर्वाद दे रहे है और कह रहे कि इतना काम पहले कभी नहीं हुआ। ये मेरे लिए सौभाग्य की बात है। राजस्थान आज पूरे देश में चर्चा में आ गया है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ मंच पर विश्वेंद्र सिंह और भंवर जितेंद्र सिंह मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ मंच पर विश्वेंद्र सिंह और भंवर जितेंद्र सिंह मौजूद रहे।

शिक्षा-स्वास्थ्य के क्षेत्र में शानदार काम हुए
आज राजस्थान में शिक्षण संस्थान शानदार है। स्कूल, कॉलेज की स्थिति बहुत बेहतर हुई है। स्वास्थ्य क्षेत्र में कई काम हुए है। हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोले गए है। आज 25 लाख का बीमा दिया जा रहा है। इलाज फ्री, दवाई फ्री, ऑपरेशन फ्री किया जा रहा है। स्वास्थ्य का कानून बनाया है। ऐसा पूरे देश में कहीं नहीं है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना से गरीबों को लाभ मिला है।

लंपी के समय 40 हजार का मुआवजा दिया-मुख्यमंत्री

महंगाई राहत शिविर से 10 गारंटी दी है। वो हमने पूरी की है। उसमें कामधेनू योजना भी है। लंपी से गायों की मौत हो गई थी। राजस्थान एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां गायों के मरने पर 40 हजार रुपए दिए। अब बीमा किया जा रहा है। अन्नपूर्णा स्कीम भी चलाई जा रही है। अब 7 नई गारंटी दी जा रही है।

लक्ष्मण मंदिर के पास सभा में मौजूद लोग।
लक्ष्मण मंदिर के पास सभा में मौजूद लोग।

प्रधानमंत्री ने अपनी घोषणा पूरी नहीं की-मुख्यमंत्री

ईआरसीपी के लिए संघर्ष जारी है। प्रधानमंत्री ने जयपुर और अजमेर में वादा किया था। उन्होंने कहा था कि 13 जिलों की परियोजना के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण रखेंगे, लेकिन कुछ नहीं किया। खुद की बात को लेकर भी तैयार नहीं हो रहे है। लोग तरसते है पानी के लिए, पता नहीं किसने उनको गुमराह किया। पानी वाला मंत्री राजस्थान से है। वो एक परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं करवा पाए।

प्रदेश के साथ भेदभाव हुआ-मुख्यमंत्री

प्रदेश के साथ भेदभाव अपेक्षा की जा रही है। वो वोट किस बात का मांग रहे है, कौनसा काम किया है राजस्थान के लिए। हम चंबल का पानी लेकर आए, जिससे लोगों को राहत मिली है। हालांकि अभी भी कुछ लोगों को परेशानी आ रही है। जिसको पूरा करने का प्रयास किया है। महंगाई राहत शिविर में 500 रुपए में गैस सिलेंडर की घोषणा की थी, उसको लागू कर दिया है। दुर्घटना बीमा लागू कर दिया।

लोकतंत्र को खत्म करने की हो रही कोशिश-मुख्यमंत्री

आज दिल्ली में तानाशाह गवर्मेंट है। लोकतंत्र में यकीन नहीं है, संविधान की धज्जियां उड़ रही है। कानून का राज कमजोर हो रहा है, देश के अंदर। ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स के छापे नेताओं पर पड़ रहे है। आर्थिक अपराध करने वालों के नाम आज तक नहीं आए। मेहुल चौकसी. नीरव मोदी लंदन में बैठे है। एक भी आर्थिक अपराध करने वालों को नहीं पकड़ा गया है। छापे केवल विपक्षी पार्टियों पर पड़ रहे है। आतंक मचा रखा है एजेंसियों ने। हम कहते है कि तीनों एजेंसियां ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स महत्वपूर्ण है। अगर आर्थिक अपराधी है तो जेल में डालो। लेकिन आप केवल नेताओं पर छापे डाल रहे हो। चालान पेश नहीं कर पा रहे हो, फेल हो रहे हो सब जगह।

नामांकन सभा से पहले मुख्यमंत्री ने लक्ष्मण मंदिर में दर्शन किए। उनके साथ भंवर जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
नामांकन सभा से पहले मुख्यमंत्री ने लक्ष्मण मंदिर में दर्शन किए। उनके साथ भंवर जितेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

सरकार गिराने की कोशिश की गई

बदला लेने के लिए, सरकार गिराने के लिए एजेंसियों का उपयोग किया जा रहा है। सबने साथ दिया हमारा, जिससे सरकार बच गई। नहीं तो हमारी सरकार भी चली जाती। मध्यप्रदेश, कर्नाटक में सरकार गिरा दी गई है। इन्होंने तमाशा बना रखा है। लोकतंत्र में सरकार हटाने का अधिकार जनता का है, केंद्र सरकार का नहीं। ये हमें सोचना पड़ेगा, नहीं सोचेंगे तो आने वाले पीढ़िया भुगतेगी। ये व्यवस्था खत्म करना चाहते है।

सात गारंटी बताई

  • हम गृहलक्ष्मी योजना लाए है। योजना में 10 हजार रुपए परिवार की मुखिया महिला को दिया जाएगा।
  • 500 रुपए में गैस सिलेंडर का दायरा बढ़ाकर एनएफएसए में पंजीकृत सभी को दिया जाएगा
  • गोधन योजना में 2 रुपए किलो में गोबर खरीदा जाएगा। अभी 5 रुपए लीटर पशुपालकों को दूध पर बोनस दे रहे है। राजस्थान दूध उत्पादन में पहले नंबर पर हो गया है।
  • अंग्रेजी पढ़ने वाले बच्चों के लिए जहां मांग होगी, वहां स्कूल खोली जाएगी।
  • 12वीं कक्षा के बच्चे जैसे कॉलेज में जाएंगे। उनको लैपटॉप, टैबलेट दिए जाएंगे।
  • प्राकृतिक आपदा से नुकसान के लिए बीमा करवाएंगे। 15 लाख का नुकसान होगा, उसकी भरपाई हम बीमा कंपनी से करवाएंगे, उसका प्रीमियम हम देंगे।
  • हम ओपीएस को लेकर विधानसभा में कानून लाएंगे, कोई सरकार इसे समाप्त नहीं कर पाएगी, ऐसा कानून लाएंगे।
  • प्रधानमंत्री मोदी ने दो वादे किए, दोनों पूरे नहीं किए

    विश्वेंद्र सिंह ने कहा- जो इस सरकार ने काम किए है, वो सन 52 से लेकर अब तक नहीं हुए है। किसी पार्टी ने इतनी योजनाएं नहीं चलाई, गिनाई तो रात हो जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी की तरह थोथी घोषणाएं नहीं की। पांच बजट पेश किए मुख्यमंत्री ने एक भी टैक्स नहीं लगाया। पिछले दो साल से किसान बजट लागू किया। मैं पूछना चाहता हूं कि 2014 से प्रधानमंत्री मोदी ने दो वादे किए थे। काला धन लाऊंगा, 15-15 लाख रुपए दूंगा और दूसरी बात नौकरी की थी, लेकिन दोनों वादे पूरे नहीं किए।

    राजस्थान से 25 सांसद, लेकिन नहीं ला पाए पानी-भंवर जितेंद्र

    भंवर जितेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने डीग को जिले की सौगात दी है। प्रधानमंत्री ने तीन-तीन बार ERCP को लेकर वादा किया था। पिछले पांच साल उन्होंने राजस्थान की जनता को प्यासा रखा है। भाजपा के 25 सांसद है, उनको डूब के मर जाना चाहिए कि वो पानी नहीं ला पाए। जल संसाधन मंत्री राजस्थान से है लेकिन पानी नहीं ला पाए। राजस्थान सरकार के साथ अगर केंद्र भी पैसा देती तो इन 13 जिलों में पानी की नदियां बहती।

    इससे पहले विश्वेंद्र सिंह ने दोपहर 1.07 बजे उपखंड कार्यालय में रिटर्निंग ऑफिसर के सामने अपना नामांकन दाखिल किया।