जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

दीपावली पर जैन संतों सहित सकल जैन समाज जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर भगवान नेमीनाथ की मोक्ष स्थली गिरनार तीर्थ की रक्षा हेतु सांकेतिक अनशन करेगा। राजस्थान में समाज की प्रादेशिक स्तर की एक मात्र पंजीकृत संस्था राजस्थान जैन सभा जयपुर के तत्वावधान में सम्पूर्ण प्रदेश में जिलों और तहसील स्तरों सहित गांवों में जैन मंदिरों पर तीन घंटे का सांकेतिक अनशन किया जाएगा।

अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन एवं महामंत्री मनीष बैद ने बताया कि राष्ट्र सन्त आचार्य सुनील सागर महाराज की प्रेरणा से सम्पूर्ण देश के जैन संत सोमवार, 12 नवम्बर दीपावली को आहार चर्या का त्याग रखेगें और अनशन करेंगे। सभा के मंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि इसी कड़ी में सन्तों का अनशन सहन नहीं - जागो सरकार जागो अभियान के तहत सम्पूर्ण जैन समाज दिगम्बर एवं श्वेतांबर पूरे राजस्थान प्रदेश में सभी शहरों, कस्बों एवं गांवो में सिद्ध क्षेत्र श्री गिरनार जी तीर्थ की रक्षा के लिए तथा भाजपा के पूर्व सासंद महेश गिरी द्वारा गिरनार तीर्थ और जैन संतों के विरुद्ध अनर्गल टिप्पणी करने के विरोध में सुबह 9 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सामूहिक सांकेतिक अनशन करेगा।

अखिल भारतीय दिगंबर जैन युवा एकता संघ अध्यक्ष अभिषेक जैन बिट्टू ने बताया कि दिल्ली में विराजमान आचार्य सुनील सागर महाराज ने 12 अक्टूबर को सभी देशभर के सभी जैन साधुओं और साध्वियों से सामूहिक उपवास करने की अपील की थी। जिसका गहरा असर जैन समाज पर भी पड़ा और राजस्थान जैन सभा ने साधुओं के समर्थन में जयपुर के भट्टारक जी की नसियां में " सामूहिक सांकेतिक अनशन " करने की घोषणा की है, जिसका जैन समाज समर्थन कर रहा है। 12 अक्टूबर को सामूहिक अनशन में अखिल भारतीय दिगंबर जैन युवा एकता संघ के सभी कार्यकर्ता अनशन में सम्मिलित होंगे और अनशन पर बैठेंगे। जैन समाज एकत्रित होकर अन्न जल का त्याग रखते हुए तीन घंटे का सामूहिक सांकेतिक अनशन करेगा।