चुनाव डेस्क।

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा- पिता प्रधानमंत्री थे। मैं उनके साथ कभी-कभी सभाओं में जाती थी। काम नहीं होने पर महिलाएं उन्हें डांटती थीं और वो सिर झुका कर सुनते थे।आज भाजपा के नेताओं को आपने छूट दे दी है। वे धर्म की बातें करते हैं। आप आंख मूंदकर वोट दे देते हो।

बुधवार को प्रियंका गांधी शाहपुरा के मनोहरपुर (जयपुर) में दोपहर करीब ढाई बजे पहुंचीं। दोपहर करीब सवा तीन बजे उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित किया। प्रियंका ​​​बोलीं- महिलाएं कहती थीं... राजीव भैया नल में पानी नहीं आया तो वोट नहीं देंगे। वो गुस्सा नहीं होते थे कि मैं प्रधानमंत्री हूं ऐसे कैसे डांट दिया।

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी सड़क मार्ग से मनोहरपुर सभा स्थल पर तय कार्यक्रम से ढाई घंटे लेट करीब 2:30 बजे पहुंचीं।

हेलिकॉप्टर खराब होने के कारण नहीं पहुंच पाईं सभा में
इससे पूर्व प्रियंका गांधी की चूरू में भी सभा होनी थी। लेकिन, हेलिकॉप्टर खराब होने की वजह से वे पहुंच नहीं पाईं। इस सभा में उनका वॉयस मैसेज सुनाया गया, जिसमें प्रियंका गांधी ने सभा में नहीं आने पर माफी भी मांगी। राजस्थान में विधानसभा चुनाव में प्रचार का गुरुवार को अंतिम दिन है। राज्य की 199 सीटों पर 25 नवंबर को वोटिंग होगी।

प्रियंका के भाषण की बड़ी बातें...

पीएम की ​भविष्यवाणी का जवाब

प्रियंका ने कहा- प्रधानमंत्री ने मंच से एक भविष्यवाणी की थी। आज मैं भी करती हूं अगर इसी तरह मोदी सरकार देश की संपत्तियां उद्योगपतियों को सौंपती रही तो एक दिन लोगों का गुस्सा संभल नहीं पाएगा। मोदी जिस तरह से सरकार चला रहे हैं, ये नहीं चलेगा। उनको समझाना पड़ेगा जो एक-दो लोगों के हाथों में देश चलाने के लिए सौंप रहे हैं, ऐसा नहीं चलेगा।

कांग्रेस महासचिव ने कहा- त्योहार के समय में पूजा-पाठ करते हैं। घर की सफाई करते हैं। खेती में कटाई के समय तैयारी करते हैं। वैसे ही आपको तैयार रहना है। चुनाव के समय हिसाब-किताब का समय होता है। कांग्रेस वाले कहते हैं - भाजपा वाले भ्रष्ट हैं, वो कहते हैं कांग्रेस वाले भ्रष्ट हैं। जनता को कैसे पता चलेगा कौन सही है। इसलिए सभी को ध्यान से सुनो।

प्रियंका गांधी ने कहा- देश में देखें जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। राजस्थान में मुख्यमंत्री ने दो लाख रोजगार दिलवाए हैं, 40 हजार रोजगार प्रक्रिया में हैं। इधर, मध्य प्रदेश में 18 साल से भाजपा सरकार है। तीन साल में 21 रोजगार दिए हैं।

महंगाई और अग्निवीर पर साधा निशाना

छत्तीसगढ़ में इंग्लिश मीडियम स्कूल हैं। इस बात पर गहलोत से पूछा तो उन्होंने कहा कि यहां तो गांव-गांव में इंग्लिश मीडियम स्कूल हैं। मध्य प्रदेश में स्कूल बंद हो रहा है। GST की वजह से सब कुछ महंगा हो रहा है। ये टैक्स प्रदेश सरकार के पास नहीं, केंद्र सरकार के पास जा रहा है। अब टैक्स से काम तो होना चाहिए।

कितने जवान सरहदों पर देश की रक्षा कर करते हैं। उनकी भावना होती है कि जान चली जाए, लेकिन देश की रक्षा करेंगे। सबसे ज्यादा सैनिक राजस्थान ने दिए हैं। सेना में भर्ती होने पर नौजवान खुश होता है, लेकिन भाजपा वाले अग्निवीर ले आए। इसमें चार साल के लिए भर्ती होगी। चार साल बाद घर आएगा, वापस बेरोजगार हो जाएगा।

सरकारी कर्मचारी के थोड़े-थोड़े पैसे सरकार पेंशन के लिए निकालती है, लेकिन केंद्र सरकार पेंशन का पैसा लेकर निवेश कहीं और कर रही है। कर्मचारियों की पुरानी मांग है कि हमारी पेंशन हमें मिल जाए।

किसान आंदोलन को याद किया

देश का किसान दिन में औसत 27 रुपए कमा रहा है और अडाणी 1600 करोड़ रुपए एक दिन में कमा रहे हैं। सुनवाई आपकी नहीं, उनकी हो रही है, कर्ज माफ उनके हो रहे हैं। किसानों ने आंदोलन किया था, इनके मंत्री के बेटे ने 6 किसानों को गाड़ी से कुचल डाला, कोई कार्रवाई नहीं हुई। ये आंदोलन प्रधानमंत्री आवास के पास था। तीन काले कानून वापस तब लिए जब दो महीने में यूपी में विधानसभा का चुनाव आने वाला था। तब तक सुनवाई नहीं हुई।

राहुल के बाद प्रियंका ने वर्ल्ड का किया जिक्र

प्रियंका ने कहा- मणिपुर में सैकड़ों गांव जला डाले, उसके वीडियो मैं देख ही नहीं पाई। जीना कितना मुश्किल होगा। मोदी जी ने वहां जाने का कष्ट नहीं किया, लेकिन क्रिकेट के फाइनल में मोदी जी फट से पहुंच गए। सभी को उम्मीदें थीं कि मैच जीत जाएंगे। मोदी जी पहुंचे कि जीत जाएंगे तो श्रेय ले लेंगे, मीडियाबाजी करेंगे। क्रिकेट में पहुंच सकते हैं तो संकट में क्यों नहीं पहुंचे।

एक विज्ञापन के लाखों करोड़ रुपए लग जाते हैं तो फिर इतने पैसे कहां से आते हैं। ये कहते हैं हम तो फकीर हैं। फिर इनके कार्यकाल में पार्टी कैसे सबसे अमीर हो गई। भाजपा का एक नेता बता दे। कहां से आए ये पैसे? मीडिया में धड़ाधड़ विज्ञापन आते हैं।

वादा किया- OPS के लिए कानून बनाएंगे

OPS के लिए कानून बनाया जाएगा और गारंटी के साथ दिया जाएगा। परिवार की मुखिया महिलाओं को 10 हजार रुपए सालाना, 500 का सिलेंडर 400 और दो रुपए किलो में गोबर खरीदा जाएगा। छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार ने इसे अच्छे से सुलझाया। आवारा पशुओं का गोबर खरीद रहे हैं। इससे पशुओं को लोगों ने घर में रखना शुरू कर दिया। ये फसलों को नुकसान पहुंचाते थे, इसका भी समाधान हो गया।

बुधवार को शाहपुरा के मनोहरपुर (जयपुर) में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सभा हुई। इसमें मंच पर पहुंचने के बाद उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
बुधवार को शाहपुरा के मनोहरपुर (जयपुर) में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की सभा हुई। इसमें मंच पर पहुंचने के बाद उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
शाहपुरा के मनोहरपुर (जयपुर) में हुई सभा में प्रियंका गांधी और मनीष यादव के पोस्टर लेकर काफी संख्या में लोग पहुंचे।
शाहपुरा के मनोहरपुर (जयपुर) में हुई सभा में प्रियंका गांधी और मनीष यादव के पोस्टर लेकर काफी संख्या में लोग पहुंचे।
सभा में कांग्रेस प्रत्याशी मनीष यादव के समर्थक कुछ इस अंदाज में पहुंचे। उन्होंने अपनी बॉडी को कलर करा लिया था।
सभा में कांग्रेस प्रत्याशी मनीष यादव के समर्थक कुछ इस अंदाज में पहुंचे। उन्होंने अपनी बॉडी को कलर करा लिया था।