पाली/जालोर ब्यूरो रिपोर्ट। 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पाली जिले के जैतारण, जालोर के सायला और रानीवाड़ा में सभा को संबोधित किया। जनसभा में केंद्रीय गृहमंत्री ने पेपरलीक, भ्रष्टाचार, अपराध जैसे मुद्दों पर राजस्थान की कांग्रेस सरकार को जमकर घेरा। अमित शाह ने कांग्रेस और गांधी परिवार को कोसते हुए उन्हें राजनीति के राहू-केतू बताया। 

उन्होंने कहा- गहलोत सरकार ने दलितों को अपमानित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस ने अंबेडकर जी का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जब तक कांग्रेस पार्टी रही उन्हें भारत रत्न नहीं मिला। उनके स्थानों को सम्मान नहीं मिला। हमने महू (मध्यप्रदेश) में अंबेडकर का जन्म स्थान बनाया। लंदन में स्मारक बनाया।

आज में सायला आया हूं। जालोर वाले आए हैं यहां। मुझे बताओ दीपावली अच्छे से मनाई या नहीं। पटाखे अच्छे से जलाए या नहीं। मगर थक मत जाना। इस बार तीन दिवाली मनानी है। देखो एक दीपावली मना चुके, दूसरी दीपावली 3 दिसंबर को भाजपा सरकार बनाकर मनानी है और तीसरी दीपावली 22 जनवरी को भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा करके मनानी है।

जैतारण में अमित शाह ने लोगों का अभिवादन किया।
जैतारण में अमित शाह ने लोगों का अभिवादन किया।

शाह के भाषण की बड़ी बातें...

1.महिला आरक्षण गिनाया, महिला अत्याचार को लेकर घेरा
शाह ने कहा-महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने में गहलोत सरकार नंबर एक है। मोदी जी ने चंद्रयान जहां पहुंचा उस बिंदु का नाम शिव शक्ति देकर मातृशक्ति का सम्मान करने का काम किया। मोदी जी ने माताओं बहनों को नई पार्लियामेंट से 33 फीसदी आरक्षण देने का काम किया। कुछ सालों बाद यहां गर्ग की जगह कोई बिटिया जालोर का प्रतिनिधित्व कर रही होगी। लेकिन ये गहलोत सरकार क्या कर रही है। 5 साल में 5 लाख 11 हजार मुकदमे। हर दिन 19 मामले बलात्कार के आए हैं। देशभर में बलात्कार ही हो रही घटनाओं में 22 प्रतिशत राजस्थान में दर्ज हुए।

प्रतापगढ़ में पूरी मानवता को शर्मसार किया। जमवारामगढ़ में शिक्षिका को जिंदा जला दिया। भीलवाड़ा में बच्ची से बलात्कार कर भट्टी में जिंदा जला दिया। अलवर में दलित महिला के साथ दुष्कर्म कर रोड पर फेंक दिया। स्टांप पेपर पर बेटियां नीलाम हो रही है। डूंगरपुर में स्कूल की बच्ची के साथ रेप किया। अब तो थानेदार भी बलात्कार करने से पीछे नहीं हट रहे है। गहलोत सरकार माताओं बहनों की सुरक्षा नहीं कर सकती है।

2. 40 लाख युवाओं के साथ धोखा किया
5 साल गहलोत सरकार ने 40 लाख से ज्यादा युवाओं के पेपर लीक कर ठगने का काम किया है। गहलोत एंड कंपनी ने अपने चट्टे बट्टों को नौकरी दिलाने के लिए पेपर लीक किए। पूरे हिंदुस्तान में पेपर लीक करने का रिकॉर्ड गहलोत सरकार का है। कांग्रेस राज में 14 से ज्यादा पेपर लीक हुए। मैं आपको बता देता हूं। गहलोत ने 15 पेपर लीक किए। कांग्रेस के राज में कॉन्स्टेबल भर्ती का पेपर, हाईकोर्ट एलडीसी भर्ती का पेपर, एसआई भर्ती का पेपर, चिकित्सा अधिकारी भर्ती-2021 का पेपर, सीएचओ पेपर-2022 भर्ती का पेपर, लाइब्रेरियन भर्ती परीक्षा का पेपर लीक, जेईएन सिविल डिग्री का पेपर लीक, REET का पेपर लीक, वन विभाग की भर्ती का पेपर लीक, बिजली विभाग में टेक्नीशियन भर्ती का पेपर लीक।

युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था। इतने साले युवा खड़े हैं। आता है क्या 3500 रुपए भत्ता। राजस्थान की जनता ने एक पेपर लीक कर दिया है। क्या है आपको पता है ? 3 दिसंबर को गहलोत जा रहे हैं। कमल की सरकार आ रही है। गहलोत साहब आपके परिणाम का पेपर राजस्थान की माताओं ने लीक कर दिया है। आ जा रहे हैं। ऐसा सबक सिखाओ कि इस बार वो जादूगर ना रहे। राजस्थान की सरकार जादूगर बने और अशोक गहलोत सरकार गायब हो जाए।

3. कांग्रेस ने राम मंदिर के मसले को 70 साल अटकाया
आप सभी लोगों ने दीपावली मनाई, पटाखे जलाए ना। हर बार एक दीपावली होती है, लेकिन इस बार 3 दीपावली है। मैं बताऊं क्यों। पहली दीपावली आपने मना ली, पटाखे जलाए। दूसरी दीपावली 3 दिसंबर को हमारे चारों प्रत्याशियों को जिताकर मनानी है और तीसरी दीपावली 22 जनवरी को जब अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा हो तब मनानी है। कांग्रेस पार्टी 70 साल से राम मंदिर को लटका रही थी, अटका रही थी, भटका रही थी। मोदी जी ने 2019 में राम मंदिर जन्म भूमि का शिलान्यास कर दिया।

ये राम मंदिर के मामले में मुझे बड़ी दिक्कत हो गई थी। ये राहुल बाबा को जानते हो ना आप। राहुल बाबा 2014 से 2019 तक मैं पार्टी का अध्यक्ष था तो हर रोज मुझे ताना मारते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तिथि नहीं बताएंगे। आपके सामने मैं कहता हूं राहुल बाबा कान खोलकर सुन लो। 22 जनवरी 2024 को दोपहर 12ः22 मिनट पर राम लला का प्राण प्रतिष्ठा होने वाला है। कमल के निशान पर बटन दबा दो, राजस्थान में भाजपा सरकार सभी को बारी-बारी मुफ्त में अयोध्या के दर्शन कराएगी।