जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

यह बात आपको अचरच में डाल सकती है कि 2023 में भी राजधानी जयपुर में भाजपा-कांग्रेस जैसे मुख्य दलों का उम्मीदवार 10 लाख रुपए से कम में पूरा विधानसभा चुनाव लड़ सकता है। जबकि सच्चाई यह है कि इतने में तो राजस्थान यूनिवर्सिटी के छात्र संघ का चुनाव भी नहीं लड़ा जाता। यह सच है कि अब पहले की तरह पोस्टर, बैनर, झंडों, स्टीकर, कैप आदि पर पहले से खर्च कम हुआ है क्योंकि ये खर्च अब बड़ी पार्टियां अपने स्तर पर कर देती हैं लेकिन बदले दौर में पेट्रोल-डीज़ल, भोजन, चुनावी पर्चियां बांटने, फूल माला, गले के पटके, कॉलोनियों में फलों से तुलने, नुक्कड़ सभाओं आदि में खर्चा बढ़ी हुई महंगाई के कारण पहले से ज्यादा हुआ है। इसके अलावा जयपुर से प्रकाशित दोनों प्रमुख दैनिक अख़बारों और प्रमुख रीजनल न्यूज़ चैनल्स के विज्ञापन पैकेज तो इस बार आसमान छू रहे थे। यह बात और है कि कच्चे और पक्के में भुगतान की सुविधा के कारण ये खर्चा या तो बहुत ही कम दिखाया गया या फिर ये भी पार्टी खर्चे में दिखा दिया गया। अगर असल खर्चे का अनदाजा लगाया जाए तो प्रत्याशियों ने जितना कुल खर्च दिखाया है उसमें तो सिर्फ वोटिंग के दिन का खर्च भी चलाना नामुमकिन नजर आता है। बहरहाल 'समरथ को नहीं दोष गुसाईं'             

विधानसभा चुनावों से पहले प्रचार समाप्त होने के दिन 23 नवंबर तक ज्यादातर प्रत्याशियों ने अपना चुनाव खर्च 10 लाख रुपए से कम दिखाया है, जो आमजन के गले नहीं उतर रहा है। प्रत्याशियों ने भले ही चुनाव आयोग के अंकुश से चुनाव खर्च कम दिखाया है, लेकिन प्रचार व वाहनों की रैलियों को देखते हुए लाखों रुपए खर्च हुए हैं। प्रत्याशियों ने कुल खर्च में से 4 से 5 लाख रुपए का खर्च तो चाय-नाश्ता पर दिखाया है। बाकी का वाहनों, रैलियों और विज्ञापनों पर 3 से 5 लाख का खर्च होना बताया है।

जिले की 19 विधानसभा सीटों पर भाजपा-कांग्रेस पार्टियों के 38 प्रत्याशियों और 2 प्रमुख निर्दलीय प्रत्याशियों के द्वारा चुनाव आयोग में दिए गए खर्च को देखे तो 34 प्रत्याशियों ने 10 लाख रुपए से कम का खर्च दिखाया है। सांगानेर विधान सभा पर कांग्रेस व भाजपा के प्रत्याशियों ने जिले में सबसे अधिक 20-20 लाख से अधिक खर्च किए हैं। आदर्श नगर से भाजपा प्रत्याशी रवि नैय्यर और जमवारामगढ़ से भाजपा प्रत्याशी महेंद्र पाल मीणा ने भी 19-19 लाख रुपए से अधिक खर्च दिखाया है। शाहपुरा से कांग्रेस प्रत्याशी मनीष यादव ने 6.77 और भाजपा के उपेन यादव ने 5.70 का खर्च दिखाया है। फुलेरा से भाजपा प्रत्याशी निर्मल कुमावत ने 4.43 लाख का ही खर्च दिखाया है।

शहर की 10 विधानसभा सीटों पर सांगानेर के प्रत्याशियों ने सबसे अधिक खर्च किए, सबसे कम किशनपोल के भाजपा प्रत्याशी ने 3.36 लाख का खर्च बताया

झोटवाड़ा

  • कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक चौधरी ने 10.64 लाख रुपए का खर्च दिखाया है, जिसमें 5 लाख रुपए का रैली-विज्ञापन और 5 लाख रुपए ऑफिस खर्च में चाय-नाश्ते पर बताया है।
  • भाजपा प्रत्याशी कर्नल राज्यवर्धन सिंह ने 8.44 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 7 लाख रुपए अॉफिस खर्च में चाय-नाश्ता, बाकी के बैनर-पोस्टर में खर्च बताया है।
  • निर्दलीय आश़ु सिंह शेखावत ने भी 8.20 लाख रुपए का खर्च बताया है।

आमेर

  • भाजपा प्रत्याशी सतीश पूनियां ने 7.58 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 3.60 लाख की चाय-कचौरी, 1 लाख का टेंट, 2 लाख रुपए वाहनों पर खर्च बताया है।
  • कांग्रेस प्रत्याशी प्रशांत शर्मा ने 9.66 लाख रुपए का खर्च बताया है, जिसमें 4 लाख रुपए ऑफिस खर्च, चाय-नाश्ता आैर 2.5 लाख पोस्टर, 1.52 लाख वाहनों पर खर्च बताया है।

विद्याधर नगर

  • कांग्रेस प्रत्याशी सीताराम अग्रवाल ने 5.27 लाख का खर्च दिखाया है। उन्होंने 3.20 लाख का चाय-नाश्ता, 2 लाख के वाहन व ऑफिस खर्च बताया है।
  • भाजपा की प्रत्याशी दीया कुमारी ने 8.29 लाख का खर्च बताया है 1.75 लाख का चाय-नाश्ता, 2.80 लाख का ऑफिस खर्च, 3 लाख रुपए का रैली व वाहन खर्च बताया है।

सिविल लाइन

  • भाजपा प्रत्याशी गोपाल शर्मा ने 9.83 लाख रुपए का खर्च बताया है, जिसमें 93 हजार की चाय, 86 हजार का पानी, 3 लाख का खाना, 2.63 लाख पर वाहनों पर खर्च बताया है। बाकी विज्ञापन, फोटोग्राफी पर खर्च होना बताया है।
  • कांग्रेस प्रत्याशी प्रताप सिंह खाचरियावास ने 5.97 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 3.51 लाख रुपए चाय-नाश्ते पर और बाकी विज्ञापन, वाहनों पर खर्च बताया है।

किशनपोल

  • कांग्रेस के अमीन कागजी ने 6.61 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 4 लाख चाय व समोशा-कचौरी पर आैर 2 लाख बैनर-पोस्टर व ऑफिस खर्च बताया है।
  • भाजपा के किशनपोल में प्रत्याशी चंद्रमोहन बटवाड़ा ने 3.36 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 1 लाख की चाय, 1 लाख की ऑफिस व 1 लाख का बैनर पोस्टर में खर्च किए हैं।

आदर्श नगर

  • कांग्रेस प्रत्याशी रफीक खान ने 10.11 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 7 लाख जनसभा-रैलियों में, 2 लाख चाय-नाश्ते और 1 लाख का अन्य खर्च बताया है।
  • भाजपा प्रत्याशी रवि नैयर ने 19.71 लाख रुपए का खर्र्च बताया है, जिसमें ऑफिस खर्च 4.2 लाख, 4 लाख रुपए का चाय-नाश्ता, 2 लाख की लाइट व 6 लाख विज्ञापन पर खर्च बताया है।

मालवीय नगर

  • भाजपा प्रत्याशी कालीचरण सराफ ने 10.28 लाख का खर्च बताया है। 4 लाख अॉफिस व रैली में , 2 लाख की चाय, 1 लाख टैंट में खर्च बताया है।
  • कांग्रेस प्रत्याशी अर्चना शर्मा ने 12.75 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 4 लाख वाहनों, 5 लाख विज्ञापनों और 2 लाख चाय-नाश्ते पर बताया है।

सांगानेर

  • भाजपा प्रत्याशी भजनलाल ने 26 लाख रुपए का खर्च बताया है, जिसमें 8 लाख की चाय-कचौरी, 2 लाख का पानी, 10 लाख के विज्ञापन और 5 लाख ऑफिस खर्च बताया है।
  • कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेंद्र भारद्वाज ने 20.49 लाख का खर्च बताया है। 8 लाख रुपए चाय-कचौरी, 7 लाख विज्ञापन, 3 लाख ऑफिस में टेंट खर्च, 2 लाख रुपए वाहनों पर खर्च बताया है।

बगरू

  • कांग्रेस प्रत्याशी गंगा देवी ने 5.18 लाख का खर्च बताया है, जिसमें 4 लाख रुपए के विज्ञापन व 1 लाख रूपए खाना पर खर्च बताया है।
  • भाजपा प्रत्याशी कैलाश चंद वर्मा ने 4.58 लाख का खर्च बताया है, जिसमें ऑफिस व वाहनों का खर्च बताया है।

हवामहल

कांग्रेस प्रत्याशी आरआर तिवाड़ी ने 8.89 लाख रुपए का खर्च बताया है, जिसमें 6 लाख रुपए टेंट व रैलियों पर और 2.50 लाख चाय-नाश्ता व बैनर-पोस्टर पर खर्च किए।

भाजपा प्रत्याशी बालमुकुंद आचार्य ने 6.88 लाख रुपए का खर्च बताया है, जिसमें 4 लाख रुपए का खान-पान पर, 1.5 लाख विज्ञापनों, 90 हजार रुपए ऑफिस खर्च बताया है।

जिले में सबसे अधिक सांगानेर विधानसभा में कांग्रेस व भाजपा के प्रत्याशियों ने 20-20 लाख रुपए खर्च किए हैं। वहीं, सबसे कम किशनपोल के भाजपा प्रत्याशी ने 3.36 लाख का खर्च बताया है।