भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी मंगलवार को भरतपुर के जाटौली रातभान गांव पहुंचे। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया।

इस दौरान जयंत चौधरी ने एक किसान सभा को भी संबोधित किया। विधानसभा चुनावों को लेकर जयंत चौधरी ने कहा- हम पर भरोसा किया जा सकता है। हम उम्मीद करते हैं कि हमें और भी जगह दी जाए। क्योंकि लोक दल पुराना चेहरा है, हमारी पार्टी की पुरानी पहचान है। ऐसी सीट जिसे कांग्रेस 3 से 4 बार में नहीं जीत पाई हो, वह सीट हम जीतकर दिखा सकते हैं। सीकर, झुंझुनू और नागौर से भी हमें मौका दिया जाए।

ERCP योजना में केंद्र सरकार ने कोई मदद नहीं की

जयंत चौधरी ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा- हमारा गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा। अबकी बार राजस्थान में चुनाव के अप्रत्याशित नतीजे आएंगे। राजस्थान में ट्रेंड टूटेगा। अबकी बार कांग्रेस सरकार ने उम्मीद से ज्यादा काम किए हैं।

ERPC को लेकर उन्होंने कहा- यह एक महत्वाकांक्षी योजना है, केंद्र सरकार ने योजना के लिए कोई मदद नहीं की। इसे हम राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने की मांग करते हैं। प्रदेश सरकार ने खुद ही बजट में इसका प्रावधान किया। गहलोत जी कह चुके हैं कि जितने भी संसाधन लगाने पड़ें लगाए जाएंगे और परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

जो सीट कांग्रेस न जीत पाई, उसे जीतकर दिखा सकते हैं

विधानसभा चुनाव को लेकर जयंत चौधरी ने कहा- हम इंडिया के घटक दल हैं। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान में इंडिया चुनाव लड़ेगा। 2024 में इंडिया के सभी घटक दलों को आपसी टकराव होते हैं, मतभेद होते हैं। सभी के अलग अपने स्वार्थ होते हैं। इससे ऊपर उठकर निर्णय लेने होंगे।

हम उम्मीद करते हैं कि कांग्रेस भी अपना बड़ा दिल दिखाए। हमने पिछली बार दो सीटों पर चुनाव लड़ा था। अब हम चाहते हैं कि विस्तार हो। हमारे कार्यकर्ताओं को भी बेहतर मौका मिल पाए। हमने दिखाया है कि हम दूसरे गठबंधन की तरह नहीं हैं।

हम कहीं टस से मस नहीं हुए, उनके 99 जीते थे और हमारा 1 जीता था। अब सुभाष गर्ग मंत्री हैं, उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। आगे भी हम पर भरोसा किया जा सकता है। हम उम्मीद करते हैं कि हमें और भी जगह दी जाए। जहां भी मौका मिलेगा ऐसी सीट जो कांग्रेस न जीत पाई हो, वह सीट हम जीतकर दिखा सकते हैं।

सीकर, झुंझुनू और नागौर में हमारी पार्टी का विस्तार हो

चौधरी ने कहा- ब्रज का इलाका एक नेचुरल इलाका है, यहां के लोगों का मथुरा आना-जाना रहा, मैं मथुरा से सांसद रहा हूं, हर तरीके से लोग पहचानते हैं। लोक दल की अपनी एक अहमियत है। यहां हमारे पुराने स्थापित नेता भी रहे हैं।

भरतपुर के कई ऐसे स्थापित लोग हैं जो चौधरी चरण सिंह के समय से करीबी रहे हैं। इसलिए यहां तो हमारा क्लेम बनता ही है, लेकिन जो पुराना इलाका है। सीकर, झुंझुनू, नागौर यह पुरानी बेल्ट है, हम चाहेंगे कि यहां भी पार्टी का विस्तार हो।

जयंत चौधरी ने कहा- 2 अक्टूबर सभी के लिए महत्वपूर्ण है, आज 3 अक्टूबर है। 3 अक्टूबर की भी अपनी एक कहानी है। उत्तर प्रदेश का एक जिला है लखीमपुर। जहां एक नरसंहार हुआ था। आज भी आंखों के सामने वह दृश्य आता है। वहां किसानों को कार के नीचे रौंद दिया गया था। जान-बूझकर किसानों की हत्या की गई थी।

उनकी आत्माएं आज भी दुखी होंगी। घटना को 2 साल हो गए हैं, अभी तक लोकल कोर्ट में उनकी सुनवाई चल रही है। क्योंकि उसमें गृह मंत्री का बेटा दोषी था। उसको बचाने में पूरी सरकार लगी थी। 2 साल के अंदर सिर्फ 5 लोगों की गवाही हो पाई है। जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उस तारीख को हम भूलेंगे नहीं।