जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा के आरोपों के बाद ईडी की टीम को गणपति प्लाजा से ठोस सबूत नहीं मिले हैं। इसलिए दिन में करीब 3 बजे टीम वापस रवाना हो गई। वहीं, इनकम टैक्स के अधिकारी अभी भी मौजूद हैं। अभी तक ईडी और इनकम टैक्स की ओर से किसी को भी नोटिस नहीं दिया गया है। बता दें कि ईडी और इनकम टैक्स के अधिकारियों ने 100 से अधिक लॉकर धारकों को शनिवार को गणपति प्लाजा में चाबी साथ आने के लिए कहा था।

इससे पहले शुक्रवार को किरोड़ी ने आरोप लगाया था कि यहां पर डीओआईटी के जीजीएम सीपी सिंह के भी 5 लॉकर हैं, जिसमें भ्रष्टाचार के करोड़ों रुपए छिपाकर रखे गए हैं। शुक्रवार रात करीब 11 बजे किरोड़ी लाल मीणा ईडी के अधिकारियों को लेकर जीजीएम सीपी सिंह के सी स्कीम स्थित आवास पहुंचे। इस दौरान नौकर घर पर था, जिसने गेट पर ताला लगा रखा था। पुलिसकर्मियों के धमकाने के बाद नौकर ने गेट खोला। मालिक सीपी सिंह से बात कराई। हालांकि इस दौरान ईडी ने कुछ देर के लिए सीपी सिंह के घर पर सर्च किया। उसके बाद वह भी मौके से निकल गए।

सीपी सिंह ने बताया- ईडी के अधिकारियों का उनके पास फोन आया था। उन्होंने गणपति प्लाजा में ईडी के अधिकारियों के पास उनके लॉकर की चाबी भिजवा दी थी। सिंह ने बताया- उन्होंने पिछले 3 साल से लॉकर को यूज नहीं किया। इसकी जानकारी लॉकर मैनेजमेंट के पास भी है। चाबी ईडी को दे दी है। वह जांच कर लेगी कि लॉकर में कितने गोल्ड और पैसा है।

क्या है मामला

13 अक्टूबर की सुबह 5 बजे पेपरलीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम कांग्रेस के सीनियर नेताओं के करीबियों के घर और ऑफिस पर छापेमारी की थी। टीम जयपुर, जोधपुर और डूंगरपुर में करीब 9 जगहों पर पहुंची। ये सभी घर और ऑफिस दिनेश खोड़निया, स्पर्धा चौधरी और अशोक जैन के थे। इस दौरान किरोड़ी लाल मीणा ने पहले पीसी कर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। फिर गणपति प्लाजा में लॉकर कंपनी के ऑफिस पहुंच गए। किरोड़ी का दावा था कि इन लॉकर्स में 500 करोड़ रुपए का काला धन है और यह पैसा कई घोटालों से जुड़ा हुआ है। इसके बाद इनकम टैक्स और ईडी की टीम मौके पर पहुंची।

इनकम टैक्स और ईडी के पास नहीं कोई जवाब
दरअसल, शुक्रवार को किरोड़ी लाल मीणा के आरोप के बाद दोनों सेंट्रल एजेंसियों के अधिकारी गणपति प्लाजा पहुंचे थे। उनकी जांच में अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। न ही ईडी और इनकम टैक्स के अधिकारियों ने इस संबंध में कोई जानकारी मीडिया से साझा की है। शुक्रवार रात 11 बजे तक ईडी ने गणपति प्लाजा में छानबीन की।

जानकार सूत्रों के अनुसार, किरोड़ी लाल मीणा ने जिन लोगों पर काला धन रखने का आरोप लगाया उन लोगों से ईडी ने देर रात तक पूछताछ की है। आज पहले फेज में उन लोगों को गणपति प्लाजा में बुलाकर उनके लॉकरों की जांच की जाएगी।