बीकानेर ब्यूरो रिपोर्ट। 

भाजपा के 'नहीं सहेगा राजस्थान' कैम्पेन में लगे किसान की गलत फोटो पर राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत का बेतुका बयान सामने आया है। इस फोटो को लेकर वे बोले- मेरी शक्ल भी पाली के पूर्व सांसद पुष्प जैन से मिलती है। मेरी शक्ल के भी चार लोग मिल जाएंगे और फोटो लग जाता है। इसमें कोई मुद्दा नहीं है।

राज्यसभा सांसद गहलोत गुरुवार को बीकानेर दौरे पर थे। यहां सुबह करीब 11 बजे बीकानेर संभाग के देहात भाजपा पदाधिकारियों की बैठक और फीडबैक मीटिंग थी। वे भाजपा मुख्यालय पहुंचे और यहां मीडिया से बातचीत की। इस दौरान मीडिया ने भाजपा के किसान कर्ज माफी वाले पोस्टर पर छपे माधुराम के फोटो को लेकर सवाल पूछा। उन्होंने कहा- एक ही शक्ल के कई लोग होते हैं। मेरी और पाली के पूर्व सांसद पुष्प जैन की शक्ल मिलती है तो संसद में लोग मुझे कहते थे, आप पुष्प जैन हो क्या?

डबल रोल के भी लोग होते ही होंगे

राज्यसभा सांसद गहलोत ने कहा- मैं व पुष्प जैन आमने-सामने होते हैं तो हमारी एक जैसी शक्ल दिखती है। हमारे बाल और हमारा नक्शा एक सा ही है। दुनिया में डुप्लिकेट तो होते ही हैं। डबल रोल के भी लोग होते ही हैं। कोई डबल रोल का लग गया होगा तो उससे क्या होता है।

सत्य ये है कि 19 हजार लोगों की जमीन कुर्क हुई है। राजस्थान की सरकार ने विधानसभा में स्वीकार किया है ना कि जमीन कुर्क हुई है। एक किसान की बात करके कांग्रेस 19 हजार लोगों का मामला ठंडा करना चाहती है। कांग्रेस भ्रम में डालना चाहती है। जैसे कि कांग्रेस ने कहा था कि आपका कर्ज पूरा माफ हो जाएगा। युवाओं को कहा था कि आपको नौकरी मिल जाएगी।

पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के ही नेतृत्व में काम कर रहे हैं

भाजपा में टिकट वितरण के बाद सामने आ रहे आक्रोश के मुद्दे पर गहलोत ने कहा- हमारे यहां टिकट मांगने वाले ज्यादा होते हैं। हमारे कार्यकर्ता विचारधारा आधारित हैं। वो धीरे-धीरे पार्टी के साथ लग जाएंगे। जब पूर्व सीएम के साइडलाइन करने को लेकर सवाल किया गया तो वे बोले- वे पहले प्रदेश की सीएम रही हैं। पार्टी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। उनके नेतृत्व में ही हम काम कर रहे हैं। यहां किसी का कोई गुट नहीं है। जयपुर के विद्याधर नगर से नरपत सिंह राजवी और झोटवाड़ा से राजपाल सिंह शेखावत के टिकट कटने पर कहा- हो सकता है उनके लिए आगे कुछ अच्छा होने वाला होगा।

माधुराम के पोस्टर का ये था मामला

भाजपा की ओर से ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान चलाया जा रहा है। कुछ दिन पहले अभियान में भाजपा ने किसानों से जुड़ा एक पोस्टर जारी किया था। पोस्टर पर लिखा था- 19 हजार से अधिक किसानों की जमीन नीलाम, नहीं सहेगा राजस्थान…। इस पोस्टर पर किसान माधुराम का फोटो था। इस पोस्टर पर फोटो लगने के बाद किसान ने दावा ​किया था कि उसकी बिना इजाजत उसका फोटो इस्तेमाल किया गया है। किसान का ये भी कहना था कि है कि उस पर न तो कोई कर्जा है और न ही उसकी जमीन नीलाम हुई है। वह 200 बीघा जमीन का मालिक है।