श्रीगंगानगर ब्यूरो रिपोर्ट। 

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने कहा है कि टिकट वितरण किसी भी पार्टी का प्रिविलेज है। वे गुरुवार को सूरतगढ़ रोड स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने पार्टी की पहली सूची में सात सांसदों को टिकट के सवाल पर कहा कि टिकट देने का कोई सेट फिनोमिना नहीं है। सांसद विधायक का चुनाव लड़ सकता है। विधायक सांसद का चुनाव लड़ सकता है। सांसद सरपंच भी चुनाव लड़ सकता है। पंचायत समिति भी लड़ सकता है। प्रधान भी बन सकता है। जिला प्रमुख का भी चुनाव लड़ सकता है। ये युद्ध का मैदान है। यहां जीतने के लिए लड़ा जाता है। पार्टी की अंतिम रणनीति जीतने की है। सांसदों को उचित लगा तो चुनाव लड़ा दिया। हमारा उद्देश्य जीतने का है।

स्थानीय असंतोष पर बोले 'सब होंगे साथ'
पार्टी कैंडिडेट्स की पहली सूची में श्रीगंगानगर से बिहाणी शिक्षा न्यास अध्यक्ष जयदीप बिहाणी को पार्टी कैंडिडेट घोषित के बाद पार्टी में उपजे असंतोष पर उनका कहना था कि आने वाले समय में सब साथ होंगे। जब उनसे पूछा गया कि टिकट घोषणा के बाद कुछ लोग बिहाणी के साथ नहीं आ रहे हैं तो उन्होंने कहा कि यहां आने के बाद उन्होंने कुछ लोगों से बात की है। उनमें से कुछ लोग अभी यहां मौजूद भी है। कुछ दिन में सब साथ आ जाएंगे।
टिकट वितरण को लेकर रिएक्शन सामान्य
उन्होंने कहा कि टिकट वितरण होता है तो इस तरह के रिएक्शन सामान्य होते हैं। दो सीटों पर दस हजार लोगों ने टिकट मांगे हैं। हम अपने कार्यकताओं को मनाकर स्थितियां सामान्य कर लेंगे। उन्होंने श्रीगंगानगर विधानसभा क्षेत्र के बारे में कहा कि हमने यहां लंबे समय से जीत दर्ज नहीं की है। इस बार श्रीगंगानगर की जनता बदलाव चाहती है। वे अच्छा जनप्रतिनिधि और सरकार में स्थान चाहते हैं।
मैं सीएम का दावेदार नहीं
उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री पद के दावेदार नहीं है। प्रधानमंत्री ही कह चुके हैं कि कमल का फूल मुख्यमंत्री का चेहरा है, तो वे बीच में कहां आते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी आज मानती है कि भाजपा में सीएम पद के बारह चेहरे हैं। हमने बारह ऐसे लोगों को तैयार कर दिया जो सीएम के लिए दावेदारी कर सकते हैं तो यह तो पार्टी की ताकत है।