सीकर ब्यूरो रिपोर्ट।  

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा आज दोपहर एक दिवसीय दौरे पर लक्ष्मणगढ़ आए। यहां उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद डोटासरा ने महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित समारोह को संबोधित किया।

डोटासरा ने कहा कि बीजेपी केवल जुमलों की बात करती है। जनता से कोई सरोकार नहीं है। जबकि राजस्थान की सरकार ने प्रदेश में विकास कार्य किए हैं। विधानसभा चुनाव में बीजेपी के प्रत्याशियों की लिस्ट को लेकर डोटासरा ने कहा कि बीजेपी प्रत्याशियों की लिस्ट आने से पहले ही बिखर गई। कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों की सूची स्क्रीनिंग कमेटी तय करेगी। कमेटी की टीम आएगी, चर्चा होगी युवाओं ओर महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

महिला आरक्षण को लेकर कहा कि-इन्होंने तो 33 प्रतिशत आरक्षण का जुमला दे दिया। लेकिन कोई कानून इस देश में नहीं है, पता नहीं कब से ये लागू होगा। डोटासरा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ चूरू से चुनाव हारेंगे। चूरू भाजपा जिलाध्यक्ष कार्यकर्ताओं को कह रहे हैं कि राजेंद्र राठौड़ की जय बोलों, नहीं तो चूरू का चुनाव छोड़कर भागेंगे।

कार्यक्रम में लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति प्रधान मदन सेवदा, पालिकाध्यक्ष मुस्तफा कुरैशी, फतेहपुर कृषि उपज मंडी के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र पाटोदा, कांग्रेस नेता सुल्तान भास्कर, माटी कैश कला बोर्ड के सदस्य सुरेश कुमावत, कांग्रेस नेता संजीव भानुका, मनोज सैनी, सुनील शर्मा, पंचायत समिति सदस्य मनोहर कुमार नेण, साबिर बाबाहाजी, कुलदीप ढाका समेत कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।