उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी रविवार को उदयपुर दौरे पर पहुंचे। जोशी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को उदयपुर आएंगे। वे यहां पार्टी पदाधिकारियों के सम्मेलन में शामिल होंगे। पूरे मेवाड़ के संगठन पदाधिकारी इसमें शामिल होंगे। अध्यक्ष नड्डा के आने से पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेगा।

जोशी ने कई दावेदारों के टिकट कटने से नाराज होने के सवाल पर कहा कि एक विधानसभा में कई दावेदार होते हैं। उनमें किसी एक को टिकट मिलने के बाद बाकियों की नाराजगी स्वभाविक है। सभी परिवार के लोग हैं और सब मिलकर कमल को जिताएंगे। जोशी ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंचा है। युवाओं का भविष्य बर्बाद हुआ है और महिला की सुरक्षा नहीं हो पा रही। ऐसे दिन कभी नहीं दिखे कि श्रीराम के नारे लगाने वालों पर मुकदमा दर्ज किया जाए। हिंदु त्योहारों पर प्रतिबंध लगा दिया जाए।

जोशी ने आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 150 से ज्यादा सीटें मिलने का दावा किया। रविवार सुबह पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और असम राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के बीच 40 मिनट तक चर्चा के सवाल पर सीपी जोशी बोले, इस वार्ता के कोई सियासे मायने नहीं है। इस तरह मिलना पहले भी कई बार हुआ है। मैं खुद कटारिया जी से मिलकर आया हूं।