जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ओछी राजनीति कर रहे हैं। रामदेवरा के किसान की परमिशन के बिना जमीन नीलामी के विज्ञापन में फोटो इस्तेमाल करने के सवाल पर अरुण सिंह बोले- मुख्यमंत्री गहलोत के अधिकारी जाकर किसान को डरा रहे हैं।

उन्होंने कहा- शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन जैसे बड़े अभिनेता कई उत्पादों का विज्ञापन करते हैं, इसका यह मतलब नहीं कि वे उन प्रोडक्ट का इस्तेमाल भी करते हैं। जरूरी नहीं कि कोई कूलर का विज्ञापन करता है तो उसके घर में कूलर मिले।

ऐसी सोच पर हमें हंसी आती है। अगर सीएम खुद मुद्दों की बात करते तो अच्छा भी लगता। उन्होंने कहा- जब किसान खुद पोज देकर फोटो खिंचवा रहा है, तो यह बात स्पष्ट है कि उसकी सहमति से फोटो खींचा गया, अब दबाव में आकर पीछे हट रहा है।

प्रदेश के किसान अब तक राहुल गांधी के 10 दिन में कर्ज माफी के वादे को याद कर कर्ज माफी का इंतजार कर रहे हैं।

इससे पहले उन्होंने कहा- चुनाव की घोषणा हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान की यूनिट पूरी तरह से तैयार है। इस बार भारतीय जनता पार्टी के प्रति लोगों की निष्ठा है और अपेक्षा भी।

इस बार गहलोत भी हारेंगे

भाजपा के राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि इस बार जोधपुर जिले की सभी 10 सीट भाजपा के खाते में आएगी और खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी हारेंगे। सीएम गहलोत के सामने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को चुनाव लड़ाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह केंद्रीय चुनाव समिति तय करेगी।

मत भेद है, मनभेद नहीं

भाजपा की पहली सूची आने के बाद कई जगह पर विरोध के स्वर भी सामने आ रहे हैं। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा- कुछ लोगों में मतभेद जरूर है लेकिन मनभेद नहीं है। इसलिए भाजपा सभी को एक साथ बैठ कर इस मामले का भी समाधान कर लेगी।