भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

बीजेपी ने अपनी पहली 41 प्रत्याशियों की लिस्ट में भरतपुर जिले की वैर विधानसभा से बहादुर सिंह कोली और डीग जिले की नगर विधानसभा से जवाहर सिंह बेडम को टिकट दिया है।

नगर विधानसभा पर प्रत्याशी घोषित होने के बाद बीजेपी के पूर्व विधायक अनीता सिंह और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता नेम सिंह फौजदार बीजेपी प्रत्याशी के सामने मैदान में उतर सकते हैं। ऐसे बीजेपी प्रत्याशी जवाहर सिंह बेडम की मुसीबत बढ़ सकती है।

नेम सिंह 2018 में रहे दूसरे नंबर पर

जवाहर सिंह बेडम साल 2018 में कामां विधानसभा से जाहिदा के सामने मैदान में उतरे थे। जाहिदा खान ने जवाहर सिंह बेडम को करीब 40 वोटों से हराया था। वहीं नेम सिंह फौजदार 2018 में सपा से मैदान में उतरे थे। नेम सिंह फौजदार दूसरे नंबर पर रहे उन्हें 37 हजार 1 सौ 77 वोट मिले।

2013 में भी नेम सिंह सपा से मैदान में उतरे थे। फौजदार को तीसरे नंबर पर आकर 30 हजार 4 सौ 18 मिले। साल 2008 में नेम सिंह फौजदार राजस्थान विकास पार्टी से मैदान में आए और उन्हें सिर्फ 13 हजार 15 वोट मिले और वह पांचवें नंबर पर रहे। इस बार वह बीजेपी से टिकट मांग रहे थे।

अनीता सिंह दो बार लड़ चुकी हैं चुनाव

अनीता सिंह बीजेपी से साल 2008 और 2013 में विधायक रह चुकीं हैं। 2018 में भी वह बीजेपी की टिकट से मैदान में उतरीं थी। जिन्हें 34 हजार 9 सौ 46 वोट मिले और वह तीसरे नंबर पर रहीं। टिकट नहीं मिलने के बाद अनीता सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए लिखा है।


पूर्व विधायक अनीता सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा

अनीता सिंह ने टिकट न मिलने पर सोशल मीडिया पर लिखा- नगर विधानसभा से मेरा भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर पूरे विधानसभा से हजारों फोन आ रहे हैं कि मुझे चुनाव लड़ना चाहिए। मैं आपकी भावनाओं का सम्मान करती हूं।

अभी जयपुर हूं। मंगलवार शाम को आपके बीच उपस्थित रहूंगी। आपसे बात करूंगी और अपने मन की बात आप सब के बीच रखूंगी। फिर भी आप जो कहेंगे आपका आदेश सर आंखों पर।

उन्होंने लिखा- क्या मान कर मुझे भाजपा ने दूर किया और ऐसा ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया है जिसकी जमानत जब्त होगी। कामां में 50 हजार वोटों से हारा, हमने नगर कांग्रेस के कुशासन और भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के खिलाफ पिछले 5 सालों से लगातार आंदोलन और यात्राओं के जरिए जनता की आवाज बुलंद की है।

अनीता सिंह और नेम सिंह बढ़ा सकते हैं बीजेपी की मुश्किलें

नगर विधानसभा गुर्जर बाहुल्य क्षेत्र माना जाता है। नगर विधानसभा में 2 लाख 40 हजार वोटर हैं। जिसमें से गुर्जर वोट 46 हैं, और 50 हजार मुस्लिम हैं। बीजेपी ने जातिगत आधार पर जवाहर सिंह बेडम को टिकट दी है।

अगर पूर्व विधायक अनीता सिंह मैदान में उतरती हैं तो वह बेडम की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। अनीता सिंह भी गुर्जर समाज से आतीं हैं। वहीं नेम सिंह फौजदार जाट समाज से आते हैं। नगर विधानसभा में 40 हजार जाट वोटर हैं। उनकी भी बीजेपी प्रत्याशी के वोट काट सकते हैं।