अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट। 

सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो पोस्ट कर व्यापारियों को धमकी देने के मामले में गंज थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्पेशल टीम की मदद से आदतन अपराधी आकाश सोनी को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी सोनी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, कोर्ट ने चार दिन की पुलिस रिमांड सौंपा है। जिससे हथियारों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आरोपी सोनी से कई वारदातें खुलने की संभावना है।

गंज थाना पुलिस के अनुसार बड़ी नागफनी निवासी आकाश सोनी (29) उर्फ गोल्डी को गुरुवार रात गिरफ्तार किया गया है। स्पेशल पुलिस हैदराबाद से सोनी को अजमेर लेकर आई थी। आकाश के खिलाफ 10 अक्टूबर को फॉयसागर पुलिस चौकी के एएसआई बलदेवराम जाट ने मुकदमा दर्ज करवाया था। सोनी पर सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ अपनी फोटो पोस्ट कर शहर के लोगों को धमकाने व दहशत फैलाने का आरोप है। अधिकारियों ने मामले में प्रसंज्ञान लेते हुए प्रकरण दर्ज किया है।

शुक्रवार को आरोपी सोनी को हथियारबंद जवानों के साथ कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी सोनी को 4 दिन की रिमांड पर पुलिस को सौपा है। सूत्रों के अनुसार आरोपी सोनी को जान का खतरा लग रहा है और ऐसे में वह बार-बार सुरक्षा मुहैया कराने की मांग कर रहा है।

आरोपी आकाश सोनी हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र चौधरी के भतीजे वरुण चौधरी का दोस्त है। आकाश पूर्व में यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष व प्रॉपर्टी व्यवसाय विक्रम शर्मा के मर्डर और हाल में पुष्कर में हिस्ट्रीशीटर सवाई सिंह के मर्डर में गिरफ्तार हो चुका है। हालांकि दोनों मामले में वह जमानत पर चल रहा था।