जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने सोमवार को जोधपुर में संभाग की 33 सीटों के पदाधिकारियों से 3 दौर की मीटिंग की। सोमवार शाम मौसम खराब होने के कारण नड्‌डा दिल्ली रवाना नहीं हो सके थे। रात्रि विश्राम उन्होंने जोधपुर में ही किया। मंगलवार सुबह वे दिल्ली के लिए रवाना हुए।

बुधवार को नड्‌डा अजमेर व कोटा संभाग के पदाधिकारियों की मीटिंग लेंगे। उम्मीद की जा रही है कि बुधवार को होने वाले दौरे के बाद भाजपा प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर सकती है। जोधपुर प्रवास के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, राष्ट्रीय सचिव विजया राहटकर एवं केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत भी दिल्ली पहुंचे।

इधर पहली सूची के बाद सांचौर में उठे विरोधी स्वर पर सीधी बात न कर नड्डा ने मंच से पदाधिकारियों को कड़े शब्दों में यह कहा कि अनुशासन तोड़ने वाले पर कार्रवाई होगी। यह भी कहा कि टिकट मांगने का अधिकार है, लेकिन सभी को टिकट नहीं मिल सकता। उन्होंने पदाधिकारियों को संगठन मजबूत कर अनुशासन में चलने को कहा। साथ ही यह भी कहा कि संगठन से आप हो।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जोधपुर प्रवास पर मारवाड़ की 33 सीटों की नब्ज टटोली। नड्‌डा ने 33 सीटों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर एक-एक सीट पर बात की। लेकिन अलग से किसी पदाधिकारी के साथ मुलाकात नहीं की। उन्होंने टिकट घोषणा के बाद रिएक्शन को लेकर अनुशासन बनाए रखने को कहा। अपनी भाषा में स्पष्ट तौर से पदाधिकारियों को सीख दी और हर सीट पर जीत की रणनीति सेट की।

बता दें कि सोमवार को जेपी नड्‌डा शाम को विशेष विमान से जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। वहां उनका स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने डीपीएस चौराहा स्थित एक होटल में संगठन के पदाधिकारियों की बैठक ली। रात तक 3 दौर की बैठक चली। सोमवार को मौसम खराब होने की वजह से जोधपुर में ही रुके और मंगलवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुए।

बैठक में ये रहे मौजूद

जोधपुर संभाग की संगठनात्मक बैठक में जोधपुर शहर, जोधपुर देहात उत्तर, जोधपुर देहात दक्षिण, पाली, जालोर, सिरोही, बाड़मेर, जैसलमेर, बालोतरा, बालेसर के स्थानीय राष्ट्रीय पदाधिकारी, मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, संभाग प्रभारी, सहप्रभारी, आईटी प्रमुख, प्रकोष्ठ, विभाग के राष्ट्रीय संयोजक, सह-संयोजक, बुद्धिजीवी सहसंयोजक, विभिन्न विभागों के संयोजक, सहसंयोजक, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, विधानसभा संयोजक, विधानसभा प्रभारी सम्मिलित हुए। इस दौरान जनप्रतिनिधि, जिला के पदाधिकारी, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, विभाग के संयोजक, शक्ति केन्द्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, बूथ समिति के कार्यकर्ता सहित बूथ स्तर के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।