अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राज्यसभा सांसद डॉ. किरोडी लाल मीणा शनिवार को केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के मीणों का नयागांव क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान सांसद ने प्रसिद्ध भगवान देवनारायण मंदिर के दर्शन कर प्रदेश में खुशहाली की कामना की।

इस मौके पर भगवान देवनारायण की परिक्रमा भी की। मीणों का नयागांव आगमन पर सांसद किरोड़ी लाल मीणा का भव्य स्वागत किया गया। किरोड़ी लाल मीणा के स्वागत के दौरान डीजे की धुन पर लोग नाचते गाते चल रहे थे। चार जेसीबी से पुष्प वर्षा कर किरोड़ी लाल मीणा का स्वागत किया गया।

इस मौके पर मीणों का नया गांव में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए डॉ.किरोड़ी लाल मीणा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनके सारे मंत्री, विधायक भ्रष्टाचारी हैं, दुराचारी है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत ने जमकर काला धन कमाया है। जमकर भ्रष्टाचार किया है‌। उन्होंने आरोप लगाया कि केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा ने भी कोरोना काल में जमकर धन लूटा है।

उन्होंने तंज करते हुए कहा कि प्रदेश में ईडी की कार्रवाई चल रही है वो कार्रवाई कहीं विधायक रघु शर्मा की तरफ ना आ जाए। उन्होंने कहा कि रघु शर्मा और उनके खासमखास बजरी को लेकर गांव के गरीबों पर अत्याचार करना बंद कर दें। नहीं तो वो खुद यहां पर आकर धरना देंगे। आने वाले विधानसभा चुनाव में केकड़ी से विधायक रघु शर्मा का जाना तय है।

इस मौके पर डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पूरे विश्व में भारत की शान बढ़ाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से आज चंद्रयान से लेकर जी-20 सम्मेलन तक भारत का कीर्तिमान स्थापित हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश व देश के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को विजयी बनाएं।

इस मौके पर जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा, पूर्व संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौतम, मिथिलेश गौतम, पूर्व सरपंच सूरजकरण मीणा, पूर्व सरपंच कालूराम मीणा, पर्वतराज मीणा, देवनारायण विकास समिति के अध्यक्ष गजानंद मीणा, सत्यनारायण गुर्जर, कालूराम मीणा सहित कई लोग मौजूद थे।