कोटा ब्यूरो रिपोर्ट। 

मध्य प्रदेश के साथ ही कोटा सम्भाग में हो रही बारिश से नदी नालों में पानी की आवक शुरू हो गई है। पानी की अच्छी आवक के चलते 39 दिन बाद एक बार फिर से कोटा बैराज के गेट खोले गए है। दो गेट 2-2 फीट खोलकर 7 हजार 598 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। बताया जा रहा है कि जवाहर सागर से मशीन का पानी डिस्चार्ज होने से कोटा बैराज के गेट खोलकर पानी का स्तर मेंटेन किया जा रहा है।

बता दें इससे पहले इस सीजन में 7 अगस्त को कोटा बैराज के 2 गेट को 5 फीट खोला गया था। करीब 6 हजार 229 क्यूसेक पानी की निकासी की गई थी।

854 फीट भरवा क्षमता वाले कोटा बैराज के 19 गेट हैं। यहां से साढ़े सात लाख क्यूसेक पानी की अधिकतम एक साथ निकासी की जा सकती है। लगभग साढ़े छह लाख हैक्टेयर भूमि सिंचित होती है। वर्तमान में कोटा बैराज का जलस्तर 854.00 पहुंच गया है। विभाग इसको इसको 853 से 854 के बीच मेंटेन रखता है। सुबह 9 बजे गेट खोले गए थे। दोपहर 12 बजे बाद पानी की निकासी बढ़ाई गई।