जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को चौमूं शहर के वीर हनुमान मार्ग स्थित खेल स्टेडियम में किसानों से बागवानी को लेकर संवाद किया। इस दौरान किसानों ने सब्जी की फसलों की एमएसपी लागू करने की मांग की तो सीएम ने कहा कि इस बारे में केंद्र सरकार से बात कर लागू करवाने के प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ सीएम ने राज्य सरकार की ओर से शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

सीएम गहलोत बुधवार दोपहर करीब 2.40 बजे हाडौता स्थित एमजेएफ आयुर्वेद कॉलेज के पास बनाए गए हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचे। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुख्यमंत्री गहलोत ने हाथ हिलाकर अभिवादन करते हुए मुलाकात की। इस मौके पर बीच रास्ते में कांग्रेस कमेठी ओबीसी विभाग के प्रदेश सचिव कैलाशराज सैनी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद हाडौता चौराहे पर डॉ. हनुमान बराला के नेतृत्व में स्वागत किया गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कार द्वारा खेल स्टेडियम में पहुंचे, जहां पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थको द्वारा नारेबाजी करते हुए अशोक गहलोत जिंदाबाद, गहलोत सरकार चौथी बार और कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के जमकर नारे लगाए गए। इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का 51 किलो की फूल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।

इस दौरान चौमूं में बागवानी को लेकर किसानों से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संवाद किया। कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, मंत्री शकुंतला रावत ने भी किसानों को संबोधित किया है। चौमूं में किसान संवाद कार्यक्रम को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने संबोधित करते हुए किसानों से बागवानी के बारे में चर्चा की और विस्तार से किसानों से जानकारी ली। इस दौरान चौमूं निवासी किसान सुरेश सैनी और चमनलाल ने पॉली हाउस और बागवानी करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान किसानों ने गहलोत से सब्जी की फसलों पर एमएसपी लागू करने की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री गहलोत ने जवाब में कहा कि अगर मौका मिला तो केंद्र सरकार से इस बारे में बात करके निश्चित रूप से लागू करवाने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री गहलोत ने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा बहुत अच्छी-अच्छी योजनाएं चलाई गई हैं, जिनमें 25 लाख रुपए तक का हर व्यक्ति का बीमा फ्री, 100 यूनिट बिजली फ्री और 10 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा, पशुधन बीमा और प्रदेश में एक करोड़ 40 लाख माता और बहनों को फ्री मोबाइल योजना के तहत मोबाइल फोन बांटे गए हैं।

पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था
जयपुर डीसीपी वेस्ट संजीव नैन के निर्देशन पर चौमूं एसीपी कैलाश जिदंल, चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता लगाया गया। जहां पर जगह-जगह पुलिसकर्मियों की टीम तैनात की गई। वहीं हेलीपैड पर भी सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था देखने को मिली। और सभास्थल पर भी पुलिसकर्मियों का अतिरिक्त जाब्ता लगाया गया।

कार्यक्रम में ये नेता रहे मौजूद
चौमूं के पूर्व विधायक भगवान सहाय सैनी, कांग्रेस प्रदेश कमेटी ओबीसी विभाग सचिव कैलाशराज सैनी, कांग्रेस प्रदेश सचिव डॉ. शिखा मील, कांग्रेस नेता डॉ. हनुमान बराला, पीसीसी सदस्य महेंद्र लाम्बा, राजस्थान एग्रो डेवलपमेंट बोर्ड सदस्य लल्लूराम सैनी, पूर्व युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष बंशीधर सैनी, डॉ. रामनारायण यादव, प्रोफेशनल कांग्रेस अध्यक्ष रूक्क्षमणी कुमारी, पूर्व प्रधान लालचंद सेरावत सहित कांग्रेस के कार्यकर्ता और नगर परिषद के सदस्य मौजूद रहे।

5000 लोगों की बैठने की व्यवस्था का बनाया वाटर प्रूफ डोम
चौमूं शहर के NH 52 वीर हनुमान मार्ग स्थित खेल स्टेडियम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आगमन पर प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्था की गई। किसानों से संवाद करने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चौमूं में पहुंचे हैं। वहीं, इससे पहले भी करीब 1 साल पहले इसी खेल स्टेडियम में ओलिंपिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहुंचे थे। वहीं, बुधवार को दुबारा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत किसानों से संवाद करने के लिए पहुंचे हैं। जहां पर किसानों से बागवानी को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किसानों से चर्चा की है। इस पांडाल डोम में करीब 5000 कुर्सियां बैठने के लिए लगाई गई। वीआईपी और वीवीआईपी नेताओं के लिए डी ब्लॉक के पास कुर्सियां बैठने के लिए लगाई गई।