जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

जोधपुर शहर में गुरुवार को अनंत चतुर्दशी के मौके पर घरों में बिराजे भगवान गणपति का विसर्जन किया जाएगा। अगले बरस जल्दी आने की कामना के साथ आज शहर के जलाशयों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इसके चलते श्रद्धालु जुलूस के रूप में पहुंचेंगे। मूर्ति विसर्जन को लेकर पुलिस ने रूट तय कर दिए हैं। पुलिस ने शहरवासियों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील भी की है।

डीसीपी ईस्ट डॉ. अमृता दूहन ने बताया आज के त्योंहार को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से 1500 से 2000 पुलिसकर्मियों का जाब्ता लगाया जाएगा। वहीं 7 से 8 एडिशनल डीसीपी, 8 से 10 एसीपी और 25 से 30 एसएचओ भी कानून व्यवस्था पर नजर रखेंगे।

वहीं अभय कमांड कंट्रोल रूम के कैमरे से भी निगरानी रखी जाएगी। फेस्टिवल को देखते हुए दो शिफ्ट में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा सादा वस्त्रों में पुलिसकर्मी और और ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी।

ये रहेगा रूट

इस बार 3 फिट से ऊंची प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं किया जाएगा। गणेश महोत्सव समिति की और से निकाले जा रहे मुख्य जुलूस जो जालोरी गेट से शुरू होकर गुलाब सागर में गणेश मूर्ति विसर्जन पर समाप्त होगा। जुलूस का मार्ग जालोरी गेट, आडा बाजार, कंदोई बाजार ,माणक चौक, गुलाब सागर रहेगा।

बाहर से और शहर के अंदर से आने वाली झांकियों का मार्ग नागोरी गेट, उम्मेद चौक, घंटाघर, माणक चौक, कंदोई बाजार, त्रिपोलिया बाजार, सोजती गेट चौकी, चांद शाह का तकिया रोड होते हुए जालोरी गेट रहेगा।

इस दौरान तेज आवाज वाले स्पीकर और डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने दोपहर 12 बजे बाद मूर्ति विसर्जन के लिए घर से निकलने की अपील की है।

आमजन को किसी भी प्रकार की तकलीफ या समस्या होने पर पुलिस कंट्रोल रूम जोधपुर कमिश्नरेट के नंबर 0291-2650777, 0291-2650780 पर संपर्क किया जा सकता है।

समृद्धि की बांटेंगे पोटली

रातानाडा स्थित गजानन मंदिर में विशेष तौर पर भक्तों को समृद्धि की पोटली भी वितरित की जाएगी। हर साल की तरह इस बार भी 2 हजार भक्तों को सुख समृद्धि की कामना के साथ यह पोटली दी जाएगी। यहां अनंत चतुर्दशी के मौके पर महा रुद्राभिषेक होगा। लगभग 4 घंटे तक चलने वाले इस महारुद्राभिषेक में भगवान गणपति सहस्त्रनाम के साथ भगवान का इत्र से अभिषेक होगा। मंदिर में अग्निहोत्री परिवार के लोग यह अभिषेक करवाएंगे। इस मौके 1008 लड्डुओं का अर्चन किया जाएगा। वही 100 किलो सूखे मेवे की आहुति भी दी जाएगी।

वहीं ईद मिलादुनबी के अवसर पर मुस्लिम समाज की और से स्टेडियम से जालोरी गेट ईदगाह तक पैदल जुलूस निकाला जाएगा। इस बार समाज की और से झांकियां शामिल नहीं की जाएगी।

चौपासनी 11 सेक्टर में 13 फीट के मिट्टी के गणपति का विसर्जन किया जाएगा। विसर्जन के दौरान मिट्टी का भक्तों को वितरित किया जाएगा।