अलवर ब्यूरो रिपोर्ट।  

AICC सचिव और राजस्थान में कांग्रेस की सह प्रभारी अमृता धवन ने बुधवार को अलवर सर्किट हाउस में महिला आरक्षण बिल को लेकर बीजेपी पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बीजेपी अपने आप में बड़ा मसीहा बनती है तो जयपुर में वसुंधरा राजे का भाषण ही करा देते।

पिछले दिनों उनकी पार्टी के नेताओं ने महिला आरक्षण पर बड़ी बड़ी बातें की हैं और अपनी ही महिला नेत्री वसुंधरा राजे को बोलने नहीं दिया। ये हाथी के दांत हैं दिखाने के कुछ खाने के कुछ।

अमृता धवन ने कहा कि हमें इतना पता है कि महिला आरक्षण पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का विजन है। उनकी ऊंची सोच के कारण पंचायत राज में महिलाओं को आरक्षण देकर आगे लाने का काम किया। आज पंचायत राज की महिलाएं प्रधान, पार्षद, सरपचं व प्रमुख बनती हैं। तब बड़ी खुशी होती है।

अब बीजेपी का महिला आरक्षण बिल लाना बड़ा स्वागत योग्य कदम है। लेकिन अधूरा है। इसमें शर्तें ऐसी लगा दी कि पता नहीं महिलाएं कब चुनाव लड़ सकेंगी। देश में पहला ऐसा कानून पास किया है जिसके फायदे के लिए 10 - 15 साल इंतजार करना पड़ेगा। जब इतना इंतजार करना है तो बाद में कानून लेकर आते। ये मुखौटा है। बीजेपी ने महिलाओं से धोखा किया है। प्रधानमंत्री से ये उम्मीद नहीं थी।

मैं महिलाओं के पक्ष में
मैं तो महिला होकर एक महिला की वकालत करती हूं। कोई भी पार्टी जीत के नाम पर महिलाओं से सीट छीन लेती हैं। इसलिए कानून की जरूरत है। हम सब महिलाओं के अधिकार की अपेक्षा कर रहे थे कि कानून मिलेगा। प्रधानमंत्री चाहें तो आज भी लागू हो सकता है। केवल वाहवाही चाहने के लिए यह कदम उठाया गया। लेकिन अब जनता को समझ आ गया कि वे महिलाओं को आरक्षण देने के पूरी तरह पक्ष में नहीं हैं। वरना इसी बार से लागू कर सकते थे।

विधायक किरण चौधरी को नहीं पता सस्ता सिलेंडर किसे मिल रहा
कांग्रेस की ओर से अमृता धवन के साथ बुधवार को अलवर में जयपुर संभाग की प्रभारी व हरियाणा की विधायक किरण चौधरी ने राजस्थान सरकार की योजनाओं की खूब तारीफ की। वे बार-बार देश में सबसे सस्ता रसोई गैस सिलेंडर देने की बात कहती रही। यह कहा कि राजस्थान सबसे सस्ता रसोई गैस सिलेंडर मिल रहा है। लेकिन जब उनसे पूछा कि आपको पता है कि ये योजना क्या है। किसे सस्ता सिलेंडर मिल रहा है। तब उनको जानकारी नहीं थी। वे इतना ही बोली कि एससी एसटी को सस्ता सिलेंडर मिल रहा है। इस बीच जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा बोल पड़े कि ये उज्जवला योजना वाले परिवार हैं। जिनका सस्ता रसोई गैस सिलेंडर मिलता है।

सचिन पायलट विवाद कुछ नहीं बचा

सचिन पायलट जैसे युवाओं के साथ कांग्रेस पार्टी ने सही नहीं किया। इस सवाल पर अमृता धवन ने कहा कि आप कितनी पुरानी बातें कर रहे हैं। अब पार्टी में सब नेता एकजुट हैं। एक साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। युवाओं को आगे लाने के सवाल पर अमृता ने फिर सवाल को टालने का प्रयास किया। कहा कि यह कोई सवाल नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि राजस्थान सरकार की योजनाओं देश भर में अच्छी हैं तो आगे अशोक गहलोत के चेहरे को पोर्टी लोकसभा के चुनाव में आगे कर सकी है क्या? फिर कहा कि उनकी पार्टी के पास पहले से चेहरे हैं। साथ में यह भी कहा इस तरह के सवाल का क्या जवाब दें।

टिकटार्थियों से मिली

अमृता धवन व किरण चौधरी ने जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों से टिकट मांग रहे प्रत्याशियों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने कहा कि टिकट से पहले सर्वे और नेताओं से मिलने का दौर जारी है। सब स्तर से कार्य पूरा होने के बाद टिकट जल्दी घोषित किए जाएंगे। हालांकि टिकट घोषित करने को लेकर उन्होंने कोई सटीक बात नहीं कही।