जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद अरुण सिंह ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब से राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनी है अपराधी बेखौफ चोरी, लूट, हत्या और बलात्कार जैसी अपराध कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जिनके पास गृह विभाग की जिम्मेदारी भी है, वे अपने घर में बैठे हुए हैं। राजस्थान की जनता अपने घर से बाहर निकलने में भी डरने लगी है। इसलिए मुख्यमंत्री गहलोत जी को गृहमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में 31 मासूमों के साथ दुष्कर्म और हत्या की वारदात हुई है। ऐसे में कल जब प्रियंका गांधी राजस्थान आएंगी, तो उन्हें पीड़ित परिवारों से मिलना चाहिए ताकि उन्हें भी कांग्रेस राज की हकीकत का पता चल सके।

सिंह ने कहा कि इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भीलवाड़ा आए थे। वे बड़े-बड़े भाषण तो देकर चले गए, लेकिन उस पीड़ित परिवार से मिलने नहीं गए, जिसकी बेटी को दुष्कर्म कर भट्टी में जला दिया गया था। इससे कांग्रेस की असलियत जनता के सामने आ गई है।

अरुण सिंह ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। हर विभाग में भ्रष्टाचार ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मंत्री और विधायक ही अपनी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रहे हैं। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि अब तो मंत्रियों को अपनी ही सरकार के खिलाफ धरना देना पड़ रहा है। कुछ विधायक अपने ही मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की तैयारी कर रहे हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि राजस्थान की जनता कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंकने का मूड बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार जाते-जाते सरकारी पैसे की लूट करने में जुटी हुई है। आखिरी वक्त पर मुख्यमंत्री नई-नई स्कीम लॉन्च कर रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा सरकारी रुपयों को लूटा जा सके। मुख्यमंत्री जो घोषणाएं कर रहे हैं, उनके अनुरूप आम जनता को उसका फायदा नहीं मिल रहा है। ऐसे में बीजेपी सरकार बनने पर हम सरकार की सभी योजनाओं की जांच कराएंगे, ताकि गहलोत राज में हुई लूट और भ्रष्टाचार का पता लगाकर दोषियों को जेल में डाला जा सके।

अरुण सिंह ने कहा कि राजस्थान की जनता कांग्रेस सरकार को हटाने का मन बना चुकी है। प्रदेश में भाजपा द्वारा निकाली जा रही परिवर्तन यात्रा को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। अब तक राजस्थान में 500 से ज्यादा स्थानों पर यात्रा का आम जनता द्वारा स्वागत किया जा चुका है, जबकि 226 स्वागत सभा का आयोजन किया गया है, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए हैं। जहां वह भाजपा के नेताओं से राजस्थान की कांग्रेस सरकार की शिकायतें कर रहे हैं।