जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भाजपा विधायक सूर्यकांता व्यास और पार्टी से निलंबित MLA कैलाश मेघवाल पर तंज कसा है। शेखावत ने कहा- कैलाश मेघवाल और सूर्यकांता व्यास, दोनों की उम्र अब 90 के करीब पहुंच गई है। मुंशी प्रेमचंद ने अपनी एक कहानी में लिखा है- बुढ़ापा बहुधा बचपन की पुनरावृत्ति होती है, और बचपन में ऐसी गलतियां हो जाती हैं। दरअसल, 4 दिन पहले जोधपुर की सूरसागर सीट से विधायक सूर्यकांता व्यास ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की तारीफों के पुल बांधे थे। उन्होंने गहलोत की तुलना राजा-महाराजा से की थी। सूर्यकांता व्यास के इसी बयान पर केंद्रीय मंत्री ने शनिवार को नागौर के परबतसर में परिवर्तन संकल्प यात्रा की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कैलाश मेघवाल को भी निशाने पर लिया। बता दें कि तीन दिन पहले विधानसभा के पूर्व स्पीकर कैलाश मेघवाल ने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था। कैलाश मेघवाल वसुंधरा गुट के माने जाते हैं। मेघवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि वसुंधरा खेमे को खत्म करने की कोशिश हो रही है।

वसुंधरा हमारे लिए आदरणीय
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे से जुड़े सवाल के जवाब में गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा- वसुंधरा राजे हमारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। राजस्थान की दो बार मुख्यमंत्री रही हैं। राजस्थान की दो बार नेता प्रतिपक्ष रही हैं। वे हमारे लिए आदरणीय नेता हैं। जहां तक प्रश्न गुटबाजी का है तो हम सब सामूहिक नेतृत्व के आधार पर कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए काम कर रहे हैं। देश के 18 करोड़ भाजपा सदस्यों के नेता नरेंद्र मोदी हैं। सबका चिह्न कमल का फूल है। भारत माता का उत्कर्ष ही हम सबका लक्ष्य है।

सूर्यकांता व्यास ने यह कहा था
12 सितंबर को सूर्यकांता व्यास ने अपने आवास पर कहा था- राजस्थान के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुष्करणा समाज के लिए ऐसा काम किया है जो पहले के जमाने में राजा-महाराजा करते थे या अब सीएम ने किया है।

सीएम ने व्यासों की कुलदेवी के मंदिर उष्ट्र वाहिनी के लिए 4 करोड़ 75 लाख रुपए का बजट दिया है। इस मंदिर की मूर्ति काफी ऐतिहासिक है जिसको देखने के लिए टूरिस्ट आते हैं। कई बार टूरिस्ट कहते भी हैं कि जगह छोटी है, परेशानी होती है। आज वह सपना सीएम गहलोत ने साकार किया है।

इसलिए दिया था यह बयान
जोधपुर शहर के चांदपोल क्षेत्र में पुष्करणा समाज की कुलदेवी उष्ट्र वाहिनी देवी मंदिर का जीर्णोद्धार करने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 4.75 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। इसी स्वीकृति के लिए विधायक व्यास ने प्रयास किए थे। बजट स्वीकृति मिलने के बाद समाज के लोग विधायक का आभार जताने 12 सितंबर को उनके आवास पर पहुंचे थे।

उम्र बढ़ी, मगर अब भी है दावेदारी
विधायक सूर्यकांता व्यास 1990 से लेकर अब तक लगातार सात बार विधायक का चुनाव लड़ चुकी हैं। इसमें से वे 6 बार चुनाव जीती हैं। वह तीन बार जोधपुर शहर और तीन बार सूरसागर सीट से विधायक रही हैं। भले ही सूर्यकांता व्यास की उम्र 85 हो गई है, लेकिन वे इस बार भी खुद को टिकट की रेस में शामिल मानती हैं। 13 सितंबर को उन्होंने जोधपुर में एक स्नेह मिलन कार्यक्रम में टिकट हासिल करने के संकेत भी दिए थे।

विधायक सूर्यकांता इसलिए भी निशाने पर
विधायक सूर्यकांता व्यास सीएम अशोक गहलोत के साथ कई कार्यक्रमों में मंच साझा कर चुकी हैं। उनकी सिफारिश पर पहले भी गहलोत सरकार में कई काम हुए हैं। सीएम गहलोत के साथ उनकी राजनीतिक और पारिवारिक नजदीकियां जगजाहिर हैं। पिछले महीने उन्होंने जयपुर में सीएम आवास पर उनसे मुलाकात भी की थी। यही नहीं, वसुंधरा राजे खेमे से माने जाने वाली सूर्यकांता व्यास अब उनके विरोधियों के निशाने पर हैं।