चित्तौड़गढ़ - गोपाल चतुर्वेदी
भाजपा की परिवर्तन यात्रा रविवार रात्रि को चित्तौड़गढ़ पहुंची। रात्रि 10  बजे तक हजारों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक परिवर्तन यात्रा का इंतजार करते रहे। प्रदेश स्तर पर चल रही भाजपा की गुटबाजी अब परिवर्तन यात्रा के दौरान मंच पर भी दिखाई दी।
विशाल जन समूह को संबोधित करते हुए राजसमंद से सांसद दिया कुमारी ने कहा कि जिस तरह से पूरे प्रदेश में इस समय महिलाओं और बालिकाओं के साथ दुष्कर्म और हत्याओं के मामले बढे हैं, पेपर लीक की घटनाएं बढ़ने से बेरोजगारों के साथ अन्याय हुआ है साथ ही कानून व्यवस्था नाम की प्रदेश में कोई चीज नहीं बची है।आज इस विशाल जन समूह को देखकर लगता है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए आतुर है। उन्होंने कहा कि आज इस प्रांगण से संकल्प लेकर जाएं की विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करके भाजपा की सरकार बनानी है। आज विशाल जन समूह को देखकर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की नींद भी उड़ गई होगी। वहीं उन्होंने कहा कि  महिलाओं पर अत्याचार और भ्रष्टाचार अब नहीं सहेगा राजस्थान।
अपने संबोधन में चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने सबसे पहले 5 घंटे परिवर्तन यात्रा सभा स्थल पर देरी से पहुंचने पर सभी से माफी मांगी और कहा कि आप सभी का यह उत्साह चित्तौड़गढ़ और प्रदेश में कमल खिलाएगा और स्पष्ट बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।
सभा को जिला अध्यक्ष मिट्ठू लाल जाट पूर्व जिला अध्यक्ष गौतम दक सहित अन्य वक्ताओं में भी संबोधित किया।
भाजपा की प्रदेश स्तर पर पिछले कुछ माह से चल रही गुट बाजी किसी से छुपी हुई नहीं है और यही गुटबाजी अब चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र में भी खुलकर सामने आने लगी है। जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या गुट अब आमने-सामने होने लगे हैं। जिसका उदाहरण देर रात चित्तौड़गढ़ पहुंची भाजपा की परिवर्तन यात्रा में देखने को मिला है जिसमें सीपी जोशी गुट के कुछ पदाधिकारी कि विधायक चंद्रभान सिंह से मंच पर बहस करते हुए दिखाई दिए। जिसके बीच में चंद्रभान सिंह आक्या समर्थको ने चित्तौड़गढ़ की एक ही शान चंद्रभान - चंद्रभान जमकर बाजी की। जब तक सांसद दिया कुमारी का उद्बोधन चला रहा दोनों ही गुटों के बीच बहस और गहमा गहमी में जारी रही जो कि भाजपा आला कमान के लिए अच्छी खबर नहीं हो सकती। इसकी जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जोशी के साथ शीर्ष नेतृत्व को भी है लेकिन वह भी इस खाई को पाटने में अभी तक तो असफल साबित हुए हैं।आने वाले समय में अगर इसका समाधान नहीं निकल गया तो भाजपा के लिए चित्तौड़गढ़ का सीट बचाने में काफी परेशानियां हो सकती है।