जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

जयपुर में किडनैप हुए विकास मीणा को पुलिस ने छुड़ा लिया है। मामले में पीड़ित विकास के दोस्त विजय को कॉल कर 20 लाख की रंगदारी मांगी गई थी। दरअसल, विजय चौधरी(22) ने 23 सितम्बर को पुलिस थाने पहुंच कर अपने दोस्त विकास मीणा के अपहरण की जानकारी दी थी। उसने बताया कि 6 नम्बर बस स्टैंड से हथियारों की नोक पर किडनैप किया गया।

फिर विजय के मोबाइल पर वॉट्सऐप कॉल कर बदमाश 20 लाख रुपए की रंगदारी मांग रहे हैं। जानकारी मिलने पर सांगानेर थाना सीआई ने डीसीपी ईस्ट को जानकारी दी। इस पर आसपास के जिलों की पुलिस को एक्टिव किया गया। इसके बाद पुलिस ने बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। किडनैप विकास को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया।

डीसीपी ईस्ट ज्ञानचंद यादव ने बताया- 23 सितम्बर को विजय चौधरी सांगानेर पुलिस स्टेशन पर पहुुंचा था। अपने साथी विकास के किडनैप होने की जानकारी दी। विजय ने पुलिस को बताया कि बदमाश उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। वॉट्सऐप कॉल पर उसे मारने की आवाज आ रही है। साथ ही बदमाश 20 लाख रुपए की रंगदारी भी मांग रहे हैं। इस पर पुलिस ने टीमों का गठन किया गया। बदमाशों की लोकेशन ट्रेस की गई। इस पर एक टीम को बदमाशों के पीछे तत्काल लगा दिया गया।

वहीं, पुलिस कमिश्नर के आदेश पर भीलवाड़ा, अजमेर, टोंक पुलिस को भी इस ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बदमाशों की लोकेशन को साझा किया। ये बदमाश स्विफ्ट कार की नंबर प्लेट को बार बार बदल रहे थे। इससे पुलिस टीम के सामने और चुनौती बनती जा रही थी। जिस पर पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए देर रात 2 बजे के आस पास किडनैपर्स की लोकेशन को चिन्हित कर टोंक में घेरोली पुलिस थाना घाट के जंगल से पकड़ा। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक बदमाश मौके से भाग निकला। पुलिस ने इन बदमाशों के पास से एक अवैध हथियार पिस्टल व दो जिन्दा कारतूस, एक स्विफ्ट कार, पीड़ित को बांधने में प्रयोग ली गई रस्सी और कपड़े,फर्जी नम्बर प्लेटस बरामद की।

इन की हुई गिरफ्तारी

1. सागर उर्फ दिलखुश गुर्जर(22) पुत्र देवकरण जाति गुर्जर निवासी ग्राम ओन पोस्ट काघरा थाना मेहन्दवास जिला टोंक

2. दिलखुश गुर्जर(24) पुत्र हंसराज गुर्जर जाति गुर्जर उम्र 24 साल निवासी ग्राम रमजानगुज थाना बनेठा जिला टोंक

3. चन्द्रशेखर नागर(28) पुत्र बद्रीलाल नागर जाति धाकड उम्र 28 साल निवासी ग्राम रतनपुरा थाना नगर फोर्ट जिला टोंक