दौसा ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान के हेल्थ मिनिस्टर परसादी लाल मीणा ने कहा- बेटों को राजनीति सौंपने वाले जल्दी डूबते हैं। मैंने अभी तक इसीलिए अपने बेटों को राजनीति नहीं सौंपी। हेल्थ मिनिस्टर गुरुवार को दौसा के लालसोट विधानसभा क्षेत्र की कांकरिया ग्राम पंचायत में क्लासरूम का शिलान्यास करने पहुंचे थे। यहां आम सभा में उन्होंने परिवारवाद और वंशवाद को लेकर अपने विचार रखे।

उन्होंने कहा- आजादी के 75 साल में से मैं 27 साल छह महीने लालसोट विधानसभा क्षेत्र में जनप्रतिनिधि रहा हूं। बाकी कार्यकाल दूसरे लोगों का भी रहा है। इस दौरान मेरे कार्यकाल में हुए विकास कार्य और दूसरों के रहते हुए विकास कार्यों का मूल्यांकन करें।

हेल्थ मिनिस्टर ने किसी का नाम लिए बिना कहा- आपसे जो वोट मांगने आए, उनके पूर्वज भी विधायक रहे हैं। उनके पूर्वजों ने कितना विकास कार्य कराया। आप उसका हिसाब लें। हमारी सरकार चली जाती तो हम विकास कार्य नहीं करा पाते। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मेहरबानी है कि सरकार ने कार्यकाल पूरा किया और हरसंभव विकास करवाया।

जनता भाजपा को माफ नहीं करेगी

हेल्थ मिनिस्टर ने कहा- केंद्र सरकार ने सिलेंडर पर 400 रुपए सब्सिडी दी है। कांग्रेस राज में तो सिलेंडर मिलता ही 400 रुपए का था। केन्द्र सरकार जब तक गैस सिलेंडर के दाम 400 रुपए नहीं करेगी, डीजल-पेट्रोल के दाम कम नहीं करेगी तो देश की जनता भाजपा को माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने पहले ही सिलेंडर का रेट 500 रुपए कर दिया है। हम केंद्र सरकार से पीछे नहीं हैं। बल्कि एक कदम आगे हैं। केंद्र सरकार सिलेंडर का रेट 400 रुपए करेगी तो हम 300 रुपए कर देंगे। ये जनता की लड़ाई है।

विपक्ष बौखलाया हुआ है

उन्होंने कहा- राजस्थान की गहलोत सरकार ने तमाम वादे पूरे किए हैं। बजट राहत घोषणा की सफल क्रियान्वयन से विपक्ष बौखलाया हुआ है। 100 यूनिट बिजली के बिल शून्य आएंगे और फ्यूल चार्ज भी सरकार देगी। इसके लिए सरकार ने 2500 करोड़ की राशि मंजूर की है। इससे जनता को हर क्षेत्र में राहत मिली है। इस दौरान लालसोट प्रधान नाथूलाल मीणा, पूर्व सरपंच रामसहाय मीणा, विकास अधिकारी राजाराम मीणा, वीडीओ मुकेश कोठारी, पूर्व सरपंच मोहरपाल मीणा, इकाई अध्यक्ष प्रभुलाल देवल्दा, हंसराज देवल्दा, सरपंच संघ के अध्यक्ष हेमराज मीणा आदि मौजूद थे।