उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

एक कॉन्स्टेबल ने अपनी पत्नी पर सर्विस रिवाॅल्वर से फायर कर उसे जान से मारने की कोशिश की। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना उदयपुर के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के नया गांव में रविवार सुबह 8 बजे की है। बताया जा रहा है कि आरोपी कॉन्स्टेबल अपनी पत्नी शक करता था।फायरिंग के दौरान गोली महिला के कंधे में जा लगी। घायल महिला को उदयपुर के महाराणा भूपाल हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।

पड़ोस में रहने वाले युवक को बना रखा था भाई, पति करता था शक

पुलिस ने बताया कि आरोपी कॉन्स्टेबल मुकेश सालवी टिड्‌डी थाना में तैनात था और वह पहाड़ा थाना क्षेत्र के कारछा गांव का रहने वाला है। 10 साल पहले उसकी शादी खुशबू सालवी से हुई थी। कारछा गांव में मुकेश के घर के पास ही एक युवक रहता था। जिसे खुशबू ने अपना भाई बना रखा था। वह अक्सर उससे बात करती थी और ये बात मुकेश को अच्छी नहीं लगती थी। इस बात को लेकर इनके बीच पहले भी विवाद हो रखा था। इन दोनों के बीच अनबन इतनी बढ़ गई कि खुशबू चार महीने से अपने पीहर नया गांव में रहने लगी।इसी बात से मुकेश भी नाराज था। वह रविवार सुबह कार से ससुराल पहुंचा। यहां पत्नी को देखते ही उसने पीछे से फायर कर दिया। गोली उसके सीधे हाथ के कंधे पर लगी और वह नीचे गिर गई। घर का आंगन खून से सन गया।

कार की हवा निकाली लेकिन फरार हो गया

फायरिंग की जानकारी मिलते ही ग्रामीण खुशबू के घर के बाहर जुट गए। भीड़ को देख मुकेश ने कार से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने कार की हवा निकाल दी। इसके बाद भी वह मौका देख वहां से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि रिवाल्वर डिपार्टमेंट की ही थी, लेकिन ये नहीं पता चला है कि ये रिवाॅल्वर उसी की थी या फिर किसी और की लेकर गया था। इधर, घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर खेरवाड़ा और पहाड़ा थानाधिकारी पुलिस जाब्ता सहित मौजूद हैं। आरोपी पुलिसकर्मी की तलाश की जा रही है।