कोटा में प्रशासन शहरों के संग अभियान की समीक्षा बैठक के बाद यूडीएच मंत्री ने कोटा दक्षिण नगर निगम की कार्यवाहक उपायुक्त रिंकल गुप्ता को फटकार लगाई। मंत्री ने कहा ऐसे काम नहीं चलेगा, काम करो। आपकी बहुत शिकायत आ रही है नामांतरण की फाइल क्यों रोकते हो। दरअसल कोटा दक्षिण मेयर राजीव अग्रवाल ने मीटिंग से बाहर आते समय इस बारें में मंत्री धारीवाल से शिकायत की थी।
मेयर बोले-पेंडिंग फाइलों की लिस्ट है
मेयर राजीव अग्रवाल ने बताया कि नामांतरण की काफी सारी फाइल पेंडिंग पड़ी हुई है। हर बार मंत्री जी कहते हैं नामांतरण 2 से 3 दिन में हो जाना चाहिए। कई बार मौका रिपोर्ट के लिए फाइल भेज दी जाती है जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। अभी भी 30 से 40 फाइल तो किसी कारण से डीसी लेवल, बाबू लेवल पर पेंडिंग पड़ी हुई है। जिनकी लिस्ट है। मंत्री जी ने समस्या के बारे में पूछा था,तो मैंने बता दिया कि नामांतरण की फाइलें पेंडिंग है।
कई लोगों ऐसे है जिनकी फाइल मिस है। वो 2 साल से चक्कर लगा रहे। जबकि नियम यह है कि एक सर्च नोट जारी होता है उसके बाद एफआईआर दर्ज करवा देते हैं। आवेदक के द्वारा ही पत्रावली की फोटो कॉपी लेकर अटेस्टेड करवा कर, उसी कागज पर कार्रवाई शुरू कर दी जाती है। दो-दो साल से फाइल पेंडिंग है। काम ही नही कर रहे। सरकार व मंत्री जी की इच्छा है कि हर जरूरत मंद व्यक्ति को पट्टा मिलना चाहिए। जो अधिकारी काम नहीं करेगा, उसको तो फटकार लगेगी। चाहे में भी क्यों नहीं होऊ।
काम करते है फिर भी डांट खाने को मिलती है
कार्यवाहक उपायुक्त रिंकल गुप्ता ने कहा कि मेरे पास 8 से 10 की पेंडेंसी है। वह भी मैं निकाल दूंगी। जबकि निगम में टोटल पेंडेंसी सबके लेवल पर है। मेयर साहब को लगता है कि मैं ही फाइल रोक कर बैठी हूं वह बात गलत है। मैं पूरी सिटिंग देती हूं, पूरा काम करती हूं। इसलिए थोड़ा फील होता है, हम काम करते हैं, फिर भी हमें डांट खाने को मिलती है। वह म्यूटेशन के कारण थोड़ा उनको लगा कि मैं फाइल रोक रही हूं। काम तो हम कर ही रहे है।
इससे पहले बैठक में मंत्री शांति धारीवाल ने निगम व न्यास के अधिकारियों को आवेदनों की आपत्तियों का निस्तारण कर नियमानुसार 30 जून तक पट्टे पट्टों का वितरण करने के निर्देश दिए। मंत्री धारीवाल ने कहा कि अभियान के तहत अब तक 8.50 लाख से अधिक पट्टे दिए जा चुके है। हमारा टारगेट 10 लाख से अधिक पट्टे वितरण करने का है।
कल कोटा आएंगे सीएम गहलोत
मंत्री शांति धारीवाल ने बताया कि मंगलवार को सीएम अशोक गहलोत कोटा दौरे पर रहेंगे। वो कोटा में महंगाई राहत शिविर में जाकर लोगों से बातचीत करेंगे। उसके बाद इंद्रा गांधी की मूर्ति का लोकार्पण करेंगे। फिर रिवर फ्रंट की विजिट करेंगे।यहां से झालावाड़ रवाना होंगे।


0 टिप्पणियाँ