जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बीजेपी लगातार राज्य सरकार को घेरे रखना चाहती है। इसी के चलते, बीजेपी अब हर जिले में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी में है। इससे पहले इसी मुद्दे को लेकर जयपुर में प्रदर्शन किया गया था जिसमें कई बड़े भाजपा नेता शामिल हुए। इसे अब जिलेवार आयोजित कर कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चुनाव के समय जनता को गुमराह करने के लिए कितनी ही रेवड़ियां बांट लें। इस सरकार में हुए भ्रष्टाचार से जनता का ध्यान नहीं हटा सकते हैं।
इसी क्रम में पिछले कई दिनों से बीजेपी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर हमलावर है। जहां एक तरफ राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा अलग-अलग विभागों में हुए भ्रष्टाचार का खुलासा करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व उनके परिवार पर भ्रष्टाचार में शामिल होने का आरोप लगा रहे हैं।
तो वहीं बीजेपी के अन्य नेता भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। अलग-अलग बयानों के जरिए बीजेपी नेता इस मुद्दे पर जनता को लामबंद करने की कोशिश में लगे हैं।
लूट-खसोट की सरकार की विदाई करनी है
नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि 3 दिन पहले जिस तरह से कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्वाचन क्षेत्र में दो बड़ी सभाएं हुई। वहां लोगों ने खड़े होकर कहा कि लूट-खसोट की सरकार की विदाई करनी है। इससे तय है कि अब जनता इस भ्रष्ट सरकार को सत्ता से बाहर निकालने का मन बना चुकी है।
राठौड़ ने कहा कि इस सरकार में भ्रष्टाचार बड़ा मुद्दा है। जिस तरह से एक के बाद एक घोटाले सामने आ रहे हैं। वो यह बताने के लिए काफी है कि किस्सा कुर्सी के शासन में सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार हुआ है।
जिस तरह से योजना भवन के बेसमेंट में रखी अलमारी ने पैसा और सोना उगला है। इस खंदक की लड़ाई में भारतीय जनता पार्टी इस सरकार के भ्रष्टाचार को आम जनता तक पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
चुनाव दिल से जीते जाते है, दिल तोड़कर नहीं
राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कहते हैं कि चुनाव पैसे से नहीं दिल से जीते जाते हैं। राठौड़ ने सीएम के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि मैं मुख्यमंत्री की इस बात से बिल्कुल सहमत हूं कि चुनाव दिल से जीते जाते हैं, दिल तोड़कर नहीं।
लेकिन मुख्यमंत्री की याददाश्त ठीक हो तो उन्होंने सबसे पहले दिल उसी का तोड़ा जिसके हस्ताक्षर से पिछली बार टिकट जारी हुए थे। सरकार चलाने वाले मंत्रियों के दिल नहीं मिले हैं सरकार के दिल से। मंत्री कहते हैं कि हमारी सरकार कमीशन खोरी की सरकार है। हमारी सरकार भ्रष्टों की सरकार है। राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान छलावा है। आज नौजवान का दिल पेपरलीक व नौकरियों में लूट से टूट चुका है।
किसान का दिल कर्जमाफी नहीं होने से टूटा है। हमारी बहनों का दिल महिला दुष्कर्म में राजस्थान के पहले पायदान पर पहुंचने से टूटा है। राठौड़ ने कहा कि राजस्थानी दिलवाले हैं। लेकिन इनके दिल से निकली आह सरकार को खा जाएगी।


0 टिप्पणियाँ