जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर में फिल्मी स्टाइल में बदमाशों ने एक युवक का किडनैप कर लिया। बीच रोड पर उसकी कार को रुकवाकर पहले तोड़फोड़ की। उसके बाद मारपीट कर उसे कार में पटक कर ले गए।
बजाज नगर थाना पुलिस ने तीन किडनैपर्स को अरेस्ट कर युवक को सुरक्षित छुड़वाया लिया।
17 जून की रात बजाज नगर के मानसिंहपुरा में किडनैपिंग की वारदात हुई। दो स्विफ्ट कारों में आए बदमाशों ने अचानक पीड़ित की कार के आगे गाड़ियां लगा दी। घबरा कर पीड़ित ने कार रोकी तो देखा कि दोनों गाड़ियों में हाथ में लाठी-डंडे लिए युवक उसकी कार की तरफ बढ़ रहे हैं।
जिसके बाद बदमाश युवक की कार में तोड़-फोड़ करते हुए उसे नीचे उतारकर पीटने लगे। बदमाश उसे अपनी कार में पटक कर ले गए। वारदात स्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर नाकाबंदी करवाई। CCTV फुटेज के आधार पर कार के रजिस्ट्रेशन नंबर और बदमाशों की पहचान की गई। कॉन्स्टेबल धर्मेन्द्र कुमार की सूचना पर ASI देवी सहाय ने टीम के साथ दबिश देकर तीनों बदमाशों को पकड़ लिया।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से किडनैप युवक को सुरक्षित छुड़वाया। वारदात में उपयोग ली गई कारें भी पुलिस ने जब्त कर ली। पूछताछ में सामने आया है कि आपसी झगड़े और लेन-देन को लेकर किडनैपिंग की वारदात को अंजाम दिया गया।
डीसीपी (ईस्ट) ज्ञानचंद यादव ने बताया कि किडनैपिंग के मामले में आरोपी रोहित कुमार यादव उर्फ मोनू (25) निवासी नीमराना अलवर हाल पिलर नंबर-110 श्याम नगर, सुनील कुमार चैची (24) निवासी नीमकाथाना सीकर हाल त्रिवेणी नगर मानसरोवर और बलकेश कसाना (23) निवासी कोतवाली जयपुर ग्रामीण हाल रिद्धी-सिद्धी मानसरोवर को अरेस्ट किया है।


0 टिप्पणियाँ