अरब सागर से उठा चक्रवात 'बिपरजॉय' गुजरात के बाद राजस्थान में कहर बरपा रहा है। इसके असर से राज्य के कई इलाकों में पिछले 36 घंटे से बारिश जारी है, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बाड़मेर, सिरोही, बांसवाड़ा, उदयपुर, राजसमंद, पाली, अजमेर, कोटा सहित कई जिलों में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इन जिलों के कुछ इलाकों में अब तक 10 से लेकर 13 इंच (एक फुट) तक बरसात हो चुकी है।
जालोर जिले के सांचौर में सुरावा बांध टूटने से कई इलाके डूब गए हैं। बांध टूटने से नर्मदा लिफ्ट कैनाल में पानी बढ़ने से वह भी टूट गई है। अब सबसे ज्यादा खतरा सांचौर शहर पर मंडरा रहा है। शनिवार रात बांध टूटने की जानकारी मिलते ही पूरे शहर को खाली कराने की कोशिश की जा रही है।
सांचौर शहर से बांध की दूरी 15 किलोमीटर है, वहीं कस्बे की आबादी 50 हजार है। जयपुर से इस शहर की दूरी 500 किमी है।
बाड़मेर जिले के सेड़वा थाना इलाके गंगासरा गांव की नाड़ी (तालाब) में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। वहीं, राजसमंद के निकट बाघोटा गांव में चट्टान के नीचे दबने से युवक की मौत हो गई। राजसमंद के ही केलवा गांव में आज मकान का छज्जा गिरने से एक महिला की मौत हो गई। अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं, जयपुर में भी रविवार सुबह से बारिश का दौर शुरू हो गया है। शहर के साथ जयपुर संभाग के दौसा, अलवर जिलों में तेज बारिश से मौसम बदला है।
सुरावा बांध टूटने से सांचौर पर खतरा बढ़ा, देर रात घर-दुकानें खाली कराईं
सांचौर के आसपास पिछले 36 घंटे से मूसलाधार बारिश हो रही है। साथ ही गुजरात की तरफ से भी यहां बने सुरावा बांध में लगातार पानी आ रहा था। ज्यादा पानी का भराव होने के चलते शनिवार देर रात बांध टूट गया। यह पानी शहर की तरफ बढ़ रहा है।
अचानक शहर में पानी आने की जानकारी मिलने के बाद देर रात को 2 बजे से लोगों ने बाजार में अपनी दुकानें खाली करनी शुरू कर दी। वहीं निचले इलाके के लोगों को भी सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कह दिया गया।
सुरावा से पानी हाड़ेतर होते हुए जाजुसन तक पहुंच गया। जिसके बाद आगे बन रही भारतमाला एक्सप्रेस वे सड़क के पुल से होते हुए सांचौर की तरफ रात को 4 बजे बढ़ गया था, लेकिन नर्मदा नहर की सांचौर लिफ्ट कैनाल में ज्यादा पानी आने से वह भी टूट गई है।
डिप्रेशन से वेल मार्क लो प्रेशर एरिया में बदलेगा...
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक बिपरजॉय का प्रभाव आज शाम से कल सुबह तक अजमेर, जयपुर, टोंक, सवाई माधोपुर समेत आस-पास के जिलों में देखने को मिलेगा। इन जिलों में आज और कल बारिश होगी। इसके बाद 19 और 20 जून को इसका असर भरतपुर, कोटा संभाग के जिलों में रहेगा। कल चक्रवात और कमजोर होकर डिप्रेशन से वेल मार्क लो प्रेशर एरिया में कन्वर्ट होगा। चक्रवात अभी 10 km प्रति घंटा की स्पीड से नॉर्थ-ईस्ट दिशा की तरफ आगे बढ़ रहा है।
बारिश में भरे पानी में नहाने गए दो बच्चे डूबे
बाड़मेर जिले के सेड़वा थाना इलाके गंगासरा गांव की नाड़ी में डूबने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। कुल पांच बच्चे बारिश से भरे पानी में नहाने नाड़ी पर गए थे। दो के डूबने पर बाकी तीन दोस्तों ने घर जाकर परिवार को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों के शवों को बाहर निकालकर सेड़वा हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। एसआई लूणाराम के मुताबिक गंगासरा निवासी कृपाल सिंह (8) पुत्र दीप सिंह और खेत सिंह (7) पुत्र चैन सिंह की मौत हो गई।


0 टिप्पणियाँ