डूंगरपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष कल्पेश भारतीय पर लात और घुसों से मारपीट के साथ ही सोने की चेन तोड़ने के आरोप लगे हैं। भाजयुमो के सागवाड़ा सिद्धनाथ मंडल अध्यक्ष ने ये आरोप लगाए हैं। जिसे लेकर सागवाड़ा थाने में रिपोर्ट दी गई है। पुलिस मामले की जांच के बाद पाबंद करवाने की बात कर रही है। हालांकि इस घटना के बाद भाजयुमो सिद्धनाथ मंडल के अध्यक्ष को पद से हटा दिया गया। उसकी जगह दूसरे को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है।
भाजयुमो सिद्धनाथ मंडल के अध्यक्ष विकास पुत्र डायालाल उपाध्याय निवासी पादरा ने सागवाड़ा थाना पुलिस को रिपोर्ट दी है। विकास ने बताया कि 14 जून शाम करीब 6 बजे के उस पर फोन आया कि वो एमएम रिसोर्ट सागवाडा टारमल वाटर आओ के पास आ जाए। कन्स्ट्रक्शन के बारे में बात करनी है। शाम करीब 7 बजे वह अपने गांव पादरा से सागवाड़ा आया तो उसी नंबर से मैसेज आया कि आप मौके पर मत आना। आपके साथ कोई घटना हो सकती है। फिर भी वह मौके पर पहुंचा तो वहां भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कल्पेश भारती, लक्ष्यराज शर्मा सागवाडा, विवेक पाटीदार जेठाणा, सोम्य पण्ड्या भीलुडा व अन्य कई लोग वहा खड़े थे।
विकास ने बताया कि उसने पूछा कि उसे क्यों बुलाया तो कल्पेश भारती ने लातों-घुसों से मारपीट शुरू कर दी। हाथापाई के दौरान उसके गले में पहनी चेन भी निकल गई। कहने लगा कि तू पार्टी में ज्यादा हेकड़ी करता है तेरी हेकड़ी अब निकालता हूं। मेरे साथ प्रिंयक भासरिया था, जिसने बीच बचाव किया। मैंने अपनी सोने की चेन मांगी तो वह चेन लेकर चला गया। विकास ने घटना को लेकर सागवाड़ा थाने में रिपोर्ट दी है।
सागवाड़ा सीआई हिमांशु सिंह ने बताया की मामले में परिवाद मिला हुआ, जिसे अभी जांच में रखा है। मामले में पाबंद की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विकास उपाध्याय ने बताया की उसके साथ मारपीट की घटना के बाद सागवाड़ा थाने में रिपोर्ट दी। इस वजह से भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने उसे सिद्धनाथ मंडल अध्यक्ष के पद से भी हटा दिया। इसके बाद उसकी जगह पर लक्ष्यराज शर्मा को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है।


0 टिप्पणियाँ