पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री व प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष नसीम अख्तर के खिलाफ दर्ज हुए मामले को लेकर नया अपडेट आया है। नसीम अख्तर के पक्ष में अब जिला महिला कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। नसीम के समर्थन में महिलाओं ने मुकदमे को झूठा बताया और बदले की भावना से किया गया कृत्य बताया।
इस दौरान महिलाएं लड़की हूं, लड़ सकती हूं... का बैनर लिए पहुंची थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और मुकदमा वापस लेने और बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में बताया गया कि नसीम अख्तर इंसाफ के खिलाफ अजमेर में झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने पहले भी मुख्यमंत्री और पंचायती राज मंत्री को बीडीओ के खिलाफ शिकायत दी थी।
जिसमें बीडीओ के 2 साल में 12 बार किए भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया था। इससे नाराज होकर बदले की भावना से झूठा मुकदमा दर्ज करवाया गया है। इससे समस्त महिला संगठनों में गहरा रोष व्याप्त है। इस झूठे मुकदमे को वापस लिया जाए। साथ ही बीडीओ के खिलाफ कार्यवाही की जाए। यदि हमारी मांगे नहीं मानी गई तो महिला संगठनों द्वारा पूरे राजस्थान में विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
ब्लॉक स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर में हंगामा करने के मामले में पूर्व मंत्री व प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष नसीम अख्तर, उनके पति कांग्रेस नेता हाजी इंसाफ अली व पुत्र समेत 15-20 जनों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया है। अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति के विकास अधिकारी की ओर से राजकार्य में बाधा डालने व अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


0 टिप्पणियाँ