जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राज्य सभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने आज अशोक नगर थाने के बाहर धरने पर बैठकर गहलोत सरकार पर 66 हजार करोड़ रुपए का खान घोटाला करने का आरोप लगाया हैं। किरोड़ी ने आरोप लगाया कि प्रदेश की खानों को मिल जुलकर लूटा जा रहा है। मीणा ने सीएम अशोक गहलोत से इस घोटाले की सीबीआई से जांच करने की मांग की हैं।

सांसद किरोड़ी ने आरोप लगाते हुए कहा कि खान विभाग में करीब 66 हजार करोड रुपए का घोटाला हुआ है। जिसमे 27 हजार करोड़ का खनिज स्टॉक, 20 हजार करोड़ का बजरी, 10 हजार 800 करोड का अरावली हिल, 2500 करोड़ का हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड, 2400 करोड़ का जिंदल कोल, 2 हजार करोड़ का ईआरसीसी घोटाला, 1 हजार करोड़ का सीमेंट ब्लॉक, 1 हजार करोड़ का स्टांप, 200 करोड़ का सावर घोटाला प्रमुख है। इन सब में कुल करीब 66 हजार करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है। राजस्थान देश में पहला ऐसा राज्य है जहां सबसे ज्यादा संख्या में माइनिंग लीज पर दी गई है। ई ऑक्शन के बजाय अपने स्तर पर खैरात में परमिट बांट दिए हैं। एक्सप्रेस हाईवे के मामले में खुले में लूट मचाई गई। इलीगल माइनिंग प्रदेश में चल रही है। सरकार ने ऑनलाइन मैनेजमेंट सिस्टम सॉफ्टवेयर बनाया जिसमें 27 हजार करोड़ का घोटाला खान मालिकों ने किया। खान विभाग ने बीते दिनों 56 दल बनाकर राजस्थान के स्टॉकिस्ट के जब छापा मारा था तब 307 करोड़ की रॉयल्टी की चोरी पकड़ी गई थी।अरावली की पहाड़ियों में मार्च 2022 से खनन पर पूर्णतया रोक है। इसके बावजूद भी भारी संख्या में वहां खनन चल रहा है। अलवर जिले के रामगढ़ तहसील में 50 से ज्यादा जगहों पर अवैध खनन किया जा रहा है। जिसमें करीब 200 करोड रुपए की पेनल्टी सरकार ने माफ की है। राजस्थान में खनन करने पर मौके पर ही पेनल्टी में 48 फ़ीसदी की छूट दी जाती है। सांसद मीणा ने बताया कि गहलोत सरकार के एक मंत्री की कृपा से सपोटरा में गीता मित्तल की खान 15 साल से बंद थी उसे अवैध तरीके से चालू करवा दिया गया है।