जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का असर जयपुर में भी पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के बाद जयपुर कलेक्टर ने जिले में लगने वाले तमाम महंगाई राहत शिविर को स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही प्रशासन ने आमजन से संभावित तूफान से सतर्क एवं सुरक्षित रहने और किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम में सूचना देने की अपील की है।

कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक आमजन तूफान या बारिश से होने वाली किसी भी तरह की आपता पर कंट्रोल रूम के नंबर 0141-2204475, 0141-2204476 और टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना दे सकते है। इसके साथ ही प्रशासन ने आंधी-बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे, कच्ची दीवार या बिजली के पोल के नीचे या पास खड़ा ना होने की अपील की है।

अब तक 52 लाख से ज्यादा गारंटी कार्ड जारी
इधर कलेक्टर की ओर से 17 जून को लगने वाले तमाम राहत कैंप को स्थगित करने का आदेश जारी किया है। जयपुर में 24 अप्रैल से अब तक लगातार शिविर लगाए जा रहे थे। इस दौरान कैंपों में अब तक 14 लाख 21 हजार 578 परिवारों को 52 लाख 96 हजार 676 मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड जारी किये जा चुके हैं। इसमें मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना के 7 लाख 44 हजार 781, मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना के 10 लाख 19 हजार 969, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के 10 लाख 19 हजार 869, मुख्यमंत्री निःशुल्क कृषि बिजली योजना के 83 हजार 430, मुख्यमंत्री निःशुल्क घरेलू बिजली योजना के 8 लाख 70 हजार 258 लाभार्थियों को गारंटी कार्ड जारी हुए हैं।