जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

अपनी मांगों को लेकर प्रदेश से पूर्व सैनिक 4 जून से शहीद स्मारक पर धरने पर बैठे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को शहीद स्मारक प्रदेशभर से पूर्व सैनिक एकत्र हुए। सर्वप्रथम गलवान घाटी में शहीद हुए देश के वीर सपूतों को उनकी तीसरी बरसी पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद राज्य सरकार के खिलाफ 2100 फीट लंबे तिरंगे की रैली निकाली। रैली शहीद स्मारक से गवर्नमेंट हॉस्टल, चौमं हाउस सर्किल, भाजपा कार्यालय के सामने से राजमहल चौराहा से 22 गोदाम से होते हुए वापस इसी रास्ते से शहीद स्मारक पहुंचकर संपन्न हुई। शाम को सीएमओ के बुलावे पर पूर्व सैनिकों के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। पूर्व सैनिक श्रवण सिंह गोगामेड़ी व हिम्मत सिंह कमांडो ने बताया कि सरकार के हर मंच पर हमने अपनी मांगे रखीं।

पिछले साल 7 दिसंबर को राज्यपाल के आदेश पर कार्मिक विभाग ने एक परिपत्र जारी किया जिसमें सैनिकों को आरक्षण को जातिगत पर वर्गीकरण कर दिया गया। हमारी मांग है कि उसे वापस संशोधित करके सैनिकों की अलग से श्रेणी बनाकर कुल पदों में से आरक्षण दिया जाए। साथ ही एक मेरिट की भी मांग रखी। हमारी सात सूत्री मांग मानी जाए।रैली में सुरेश शर्मा, दिलिप शर्मा, पृथ्वी सिंह, महावीर सिंह, सत्यनारायण सहित प्रदेश के सभी जिलों से पूर्व सैनिक शामिल हुए।