जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजसमंद सांसद और नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NCTA) की सदस्य दीया कुमारी ने केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव को पत्र लिखकर देश के टाइगर रिजर्व में 1 जुलाई से साप्ताहिक अवकाश के फैसले पर पुनर्विचार की मांग की है।

दीया कुमारी ने कहा कि देश के टाइगर पार्क मानसून के दिनों में 92 दिन तक बंद रहते है। इसके साथ ही 52 साप्ताहिक अवकाश पर्यटकों के लिए रिजर्व में जाने के लिए उपलब्ध दिनों की संख्या को काफी कम कर देंगे। इससे पूरे देश में पर्यटन पर काफी प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में इस निर्णय पर पुनर्विचार कर वर्तमान आदेश में संशोधन किया जाए।

दीया कुमारी ने कहा कि मेरे नाम से कुछ लोगों ने गलत तरह की जानकारी मीडिया में बताई थी। जबकि मैंने वीकली ऑफ को लेकर किसी तरह की पैरवी नहीं की थी। बल्कि मैं तो इस पूरे मामले पर पुनर्विचार की मांग कर रही हूं।

बता दें कि राजस्थान में वन विभाग ने नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (एनटीसीए) के आदेश के बाद 1 जुलाई से हर बुधवार प्रदेश के टाइगर रिजर्व पर्यटकों के लिए बंद रखने का फैसला किया था। जिसके बाद प्रदेश के रणथंभौर टाइगर रिजर्व, सरिस्का टाइगर रिजर्व, मुकुंदरा टाइगर रिजर्व और रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में जुलाई से हर बुधवार के दिन पर्यटन गतिविधियां बंद रखी जाएगी।