जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
खाद्य मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर पलटवार करते हुए उन्हें झूठ का जनरेटर और नकलची तक कह दिया। खाचरियावास ने कहा- देश में तीन-चार झूठ के जनरेटर हैं, केजरीवाल उनमें से एक हैं। सबसे पहले उन्होंने लोकपाल के नाम पर लोगों को गुमराह किया। केजरीवाल हाथ उठाकर लोकपाल के नाम पर नारे लगाते थे। आज लोकपाल कहां गया, याद तक नहीं करते। केजरीवाल ने देश को गुमराह किया। खाचरियावास जयपुर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
केजरीवाल ने बंगले पर 50 करोड़ खर्च दिए, उसका जवाब क्यों नहीं देते
खाचरियावास ने कहा- केजरीवाल ने अन्ना हजारे जैसे समाज सेवक को घुमा दिया। इतने बड़ा समाज सेवक को लेकर आए, अब कहां गए वे मुद्दे, कहां गया लोकपाल। केजरीवाल पर लोग शुरू के दिनों में भरोसा कर रहे थे क यह आदमी देश में क्रांति करेगा। क्रांति लाया लेकिन चोरी की। क्रांति की बातें करने वाले केजरीवाल ने 50 करोड़ का बंगला तैयार करवा लिया। जनता इसपर जवाब मांगेगी। केजरीवाल इाका जवाब नहीं दे रहे हैं। बड़ी बड़ी बातें करना और दूसरों पर आरोप लगाने वाले जब खुद पर आरोप लगते हैं तो जवाब क्यों नहीं देते।
खाचरियावास ने कहा- जो नेता 50 साल से पॉलिटिक्स में है, तीसरी बार चीफ मिनिस्टर हैं उनके लिए केजरीवाल जिस तरह की भाषा बोलते हैं वह शोभा नहीं देती। केजरीवाल इस देश के और राजनीति के सगे नहीं हो सकते। वे कौन से मॉडल की बात कर रहे हैं। केजरीवाल ने अपनी सारी योजनाएं कांग्रेस सरकार की योजनाओं की नकल से बनाई है। वे जिस व्यक्ति के खिलाफ बोल रहे हैं उनका कद बहुत बड़ा है। गहलोत उस दौर में सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाएं लेकर आए थे जब केजरीवाल राजनीति में आए ही नहीं थे।
खाचरियावास का दावा, आम आदमी पार्टी राजस्थान में एक सीट नहीं जीतेगी
खाचरियावास ने कहा- राजस्थान योजनाओं के मामले में मॉडल स्टेट है। राजस्थान देश का पहला राज्य है जिसने राइट टू हेल्थ लागू किया। गहलोत सरकार की योजनाओं की पूरे देश में चर्चा है। हमारी सरकार धरातल पर योजनाओं को उतारती है। हमारी योजनाओं में कमी निकालते तो बात समझ में आती है लेकिन अरविंद केजरीवाल की भाषा में अहंकार झलकता है।
जनता किसी का अहंकार नहीं सहती, मौका आने पर जवाब देती है। राजस्थान की जनता बहुत समझदार है, यहां केजरीवाल चाहे कितने प्रयास कर लें, यहां आप की एक सीट नहीं आने वाली है। राजस्थान की जनता बहुत समझदार है और इस तरह के झांसों में नहीं आने वाली है। केजरीवाल को शायद राजस्थान की जनता की तासीर पता नहीं है, घमंड किसी का नहीं चलता है। यहां आम आदमी पार्टी का खाता नहीं खुलेगा।


0 टिप्पणियाँ