बीकानेर ब्यूरो रिपोर्ट। 

महाराजा गंगा सिंह यूनिवर्सिटी में छात्रों की सहूलियत के लिए दो नए एकेडमिक कैंपस तैयार होंगे। इन पर करीब 36 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यूनिवर्सिटी ने इन दो कैंपस के अलावा अन्य कार्यों के लिए बुधवार को 195 करोड़ रुपए का बजट पारित कर दिया है। कुलपति प्रो. विनोद कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बोम की बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट अनुमान पारित किया गया। विश्वविद्यालय कुलसचिव व कार्यवाहक वित्त नियंत्रक अरूण प्रकाश शर्मा ने प्रबंध बोर्ड के सामने विश्वविद्यालय का 195 करोड़ की राशि का बजट प्रस्तुत किया।

जिसका प्रबंध बोर्ड द्वारा अनुमोदन किया गया।विश्वविद्यालय के बजट में मुख्य रूप से आगामी वित्तीय वर्ष में आधारभूत ढ़ांचे के विकास, विद्यार्थियों की सुविधाओं के विस्तार समेत विश्वविद्यालय कार्यप्रणाली को कम्प्यूटराइज करने के प्रावधान किए गए हैं। प्रबंध बोर्ड में राज्यपाल की ओर से नामित सदस्य डॉ. विश्वपति त्रिवेदी व राज्य सरकार से नामित सदस्य डॉ. नमानी शंकर बिस्सा ने भी सुझाव दिए। बैठक में राज्य सरकार नामित सदस्य प्रो. भगवानाराम बिश्नोई, डॉ. अन्नत जोशी, प्रो. अनिल कुमार छंगाणी, प्रो. राजाराम चोयल, संकायाध्यक्ष डॉ. मीनू पूनिया एवं शासन सचिव, उच्च शिक्षा के प्रतिनिधि के रूप में संयुक्त सचिव और उच्च शिक्षा डॉ. फिरोज अख्तर उपस्थित हुए।

यूं समझें - किस प्रोजेक्ट पर होगा कितना खर्च

  • दो नवीन अकादमिक भवनों के लिए 36 करोड़ रुपए।
  • सेथेंटिक ट्रैक के लिए 9 करोड़।
  • नवीन परीक्षा ब्लॉक के लिए 4 करोड़ रुपए।
  • विवि परिसर में ग्रीनरी के लिए एक करोड़ रुपए।
  • पुस्तकालय को 3 करोड़ रुपए।
  • प्रयोगशालाओं को 3.70 करोड़।
  • सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे के लिए 3 करोड़ रुपए।
  • नेटवर्किग के लिए 4 करोड़।
  • डिजिटाइजेशन और मैनेजमेंट सिस्टम के लिए 5 करोड़।
  • इसके अतिरिक्त सैलरी और मेंटिनेंस के मद में बजट का बड़ा हिस्सा खर्च होगा।