उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

भाजपा ने मिशन 2023 को लेकर उदयपुर में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को आमंत्रित किया है। शाह यहां भाजपा की टीम में उत्साह भरने के साथ चुनाव को लेकर मंत्र देंगे। भाजपा ने इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। शाह का कार्यक्रम 27 जून को प्रस्तावित है और वे उदयपुर जिले की आठ विधानसभा क्षेत्रों के महासम्मेलन को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर चल रहे कार्यक्रमों के तहत ही 27 जून को संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभाओं का महासम्मेलन होगा, इसे अमित शाह संबोधित करेंगे। लोकसभा प्रभारी प्रमोद सामर ने बताया कि कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी, जोशी राष्ट्रीय सचिव विजया रहाटकर, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। सामर ने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि इस कार्यक्रम के लिए अभी से प्रत्येक बूथ एवम पंचायत स्तर से लेकर जिले स्तर तक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित करने की वृहद योजना बनाकर कार्य प्रारंभ करें।

इसी संदर्भ में भाजपा शहर जिला की बैठक पटेल सर्कल स्थित पार्टी कार्यालय पर शहर जिलाध्यक्ष रविंद्र श्रीमाली की अध्यक्षता में हुई। श्रीमाली ने कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यों में आवश्यक रूप से अपनी सहभागिता प्रदान करने का आग्रह किया उन्होंने कहा कि हमारे लिए 2023 का राजस्थान विधानसभा चुनाव एक चुनौती है जिसमें हमें विजय प्राप्त कर प्रदेश में पार्टी को पुन: सत्ता में लाना है।

बैठक में भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य ताराचंद जैन, उप महापौर पारस सिंघवी, जिला उपाध्यक्ष प्रेम सिंह शक्तावत, तख्तसिंह शक्तावत, शहर जिला महामंत्री गजपाल सिंह राठौड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम जिला संयोजक खूबीलाल पालीवाल, सह संयोजक करण सिंह शक्तावत उपस्थित थे।