कोटा - हंसपाल यादव
कांग्रेस सरकार की विफलताओं व मोदी सरकार 9 साल की उपलब्धियों को लेकर आगामी 2 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे खन्ना फार्म बूंदी रोड कोटा पर होने वाली विशाल महारैली में लाखों की संख्या में आमजन व भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। महारैली को भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया संबोधित करेंगी उनके साथ प्रदेश के कई बड़े नेता भी महारैली में शामिल होगे यह बात कोटा उत्तर पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने प्रेस वार्ता के दौरान कही।
गुंजल ने कहा कि राज्य में जिस तरह का माहौल बना हुआ है उससे अपराधियों के हौसले बुलंद है आए दिन अपराध होना आम बात हो गई है अब तो आमजन व व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों को छोड़ घरों में भी सुरक्षित नहीं है। नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म और सामूहिक बलात्कार की घटनाएं बड़ रही है। बलात्कार में प्रदेश देश में नंबर एक पर आ गया है बलात्कार में नंबर एक होने पर सरकार का मंत्री राजस्थान को मर्दों का प्रदेश बताकर बलात्कारियों का हौसला अफजाई कर रहा है। राज्य में कुशासन व भ्रष्टाचार चरम पर है। यूआईटी में 50% कमीशन आम बात हो गई है जिसका प्रमाण कोटा कलेक्टर ने अपने पेज पर लिख कर दिया है की 50% अबोव पर टेंडर स्वीकृत करने की फाइल मेरे पास भेजी गई थी मैंने उस पर जस्टिफिकेशन मांग लिया तो जस्टिफिकेशन तो नहीं आया शाम को मेरा तबादला ऑर्डर जरूर आ गया। गुंजल ने कहा कि प्रदेश का बेरोजगार आज भी 3500 रूपए बेरोजगारी भत्ते का इंतजार कर रहा है, युवा रोजगार का इंतजार कर रहा है, किसान कर्ज माफी का इंतजार कर रहा है। प्रदेश में कर्ज माफी तो नहीं हुई पर साढ़े चार सालों में लगभग 19000 किसानों की जमीने कर्ज नहीं चुकाने के चलते सरकार ने नीलाम कर दी। साढ़े चार सालों में 12 बार पेपर लीक होने से प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। कांग्रेस के इस कुशासन, भ्रष्टाचार व वादाखिलाफी से तंग आकर अब जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। आगामी 2 जुलाई की महारैली कांग्रेस सरकार के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी जिसकी गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई देंगी।
महंगाई राहत कैंपों को बताया नौटंकी
गुंजल ने कहा कि साढ़े चार सालों तक पेट्रोल डीजल पर देश में सबसे ज्यादा टैक्स वसूलने, बिजली की कीमतों में छ: बार बढ़ोतरी कर जनता की जेब पर डाका डालने वाली सरकार चुनाव के तीन महीने पहले महंगाई राहत  कैंपों के नाम पर नौटंकी कर रही है। एक जेब में 100 यूनिट फ्री देकर दूसरी जेब से फ्यूल सरचार्ज के नाम पर वसूली कर रही है।उन्होंने कहा कि जब 50 यूनिट फ्री थे तो लोगों के बिलों में 750 रूपए की छूट आती थी। परंतु अब 100 यूनिट फ्री होने के बाद बिलों में 560 रूपए की ही छूट मिल रहीं हैं छूट बड़ने के बदले 200 रूपए और कम हो गई है। गुंजल ने कहा कि लोक कल्याणकारी राज का दायित्व पूरे 5 साल जनता को राहत देने का होता है केवल दो महीने के लिए नहीं। यह केवल चुनावी नौटंकी के साथ जनता के ईमान को खरीदने की कोशिश है।
जादूगरी से सरकार तो बचा ली पर दोबारा बना नहीं पाएंगे गहलोत
गुंजल ने कहा कि सरकार पूरे समय आपसी झगड़े में ही उलझी रही। एक मुख्यमंत्री बनना चाहता था तो एक मुख्यमंत्री बने रहना चाहता था जनता की परवाह किए बिना गहलोत साम दाम दंड भेद अपनी कुर्सी बचाने में ही लगे रहे अपने ही विधायकों पर पैसा लेकर सरकार गिराने का आरोप लगाते रहे उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत ने जादूगरी से अपनी सरकार तो बचा ली पर दोबारा बना नहीं पाएंगे । प्रदेश की जनता इस सरकार को बदलने का पूरी तरह मन बना चुकी है
धारीवाल पर भी जमकर बरसे गुंजल
गुंजल ने कहा कि चुनाव में धारीवाल ने घर-घर पत्र बांट कर 10 दिन में केईडीएल को भगाने का वादा किया था। पचास पचास रूपए के स्टांप पर लिखित में बेरोजगारों को नौकरी देने का वादा किया था। परंतु चुनाव जीतने के बाद मंत्री कमीशन खोरी में लग गए। विकास के नाम पर स्मार्ट सिटी के करोड़ों रुपए बर्बाद कर दिए। शहर को भूल भुलैया व जाम का शहर बना दिया शहर में जगह-जगह ब्लैक स्पॉट तैयार कर दिए इसके कारण आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं और अभी तक लगभग पांच दर्जन से अधिक लोग इस अनियोजित विकास की भेंट चढ़ चुके हैं। गुंजल ने कहा कि धारीवाल ने शहरवासियों से केईडीएल भगाने व युवाओं को रोजगार देने के नाम पर वोट मांगे थे ना की बड़े बड़े चौराहे बनाने के नाम पर वोट मांगे थे। गुंजल ने कहा कि अपनी उम्र, सरकार जाने का डर व बेटे के भविष्य की चिंता के कारण कोटा के भविष्य के पचास सालो पर ग्रहण लगा दिया। जहां पचास साल कोटा नहीं जाएगा उसे आज कौड़ियों के दाम बेच रहे हैं। अगले पचास साल कोटा विकास से महरूम हो जाएगा। शहर की जनता समझ चुकी है आगामी विधानसभा चुनाव में हिसाब बराबर कर देगी।
20- 25 बीघा के खेत में बनेगा पांडाल
महारैली का आयोजन 2 जुलाई को प्रातः 11:00 खन्ना फार्म बूंदी रोड पर होगा जहां लगभग 20 से 25 बीघा के खेत में पांडाल तैयार होगा जिसमें लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी सभा स्थल पर भूमि पूजन के साथ ही तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। प्रेस वार्ता में भाजपा युवा नेता बृजेश शर्मा (निटू) कोटा उत्तर के सभी पूर्व मण्डल अध्यक्ष व वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।