करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
हिंडौन सिटी में कृषि उपज मंडी के पास महवा बाइपास पर बुधवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से सेना एक जवान का निधन हो गया। घटना की सूचना पर नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद घायल को पुलिस जीप में लेकर जिला अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ड्यूटी पर मौजूद डॉ. मनीष अग्रवाल और डॉ. नंद मोहन सुमन ने बताया कि वाहन की टक्कर में युवक गम्भीर रूप से घायल हो चुका था। उसका चेहरा बिगड़ गया। सिर से काफी खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। जिसमें मृतक के भाई रामवीर, उदयसिंह और अन्य परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। जिसके बाद पोस्टमॉर्टम के लिए शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया।
नई मंडी पुलिस थाने के मुकेश सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान मूलत करौली के नयाबास और हाल निवासी तिलक नगर का दिनेश गुर्जर (30) पुत्र हंसराम गुर्जर के रूप में हुई है। मेडिकल ज्यूरिस्ट से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
भाई उदय सिंह व रामवीर ने बताया दिनेश गुर्जर राजपूत रेजिमेंट 3 थर्ड बटालियन में जवान के पद पर कार्यरत था। फिलहाल बीकानेर आर्मी कैंट में तैनात था। वह करीब 10 दिन पहले छुट्टी लेकर परिजनों से मिलने हिंडौन आया था। छुट्टी खत्म होने पर ड्यूटी जॉइन करने के लिए देर शाम रेलवे स्टेशन से बीकानेर जाने के लिए घर से बाइक से निकला था।
इस दौरान महवा बाइपास स्थित एक पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसके उसकी मौत हो गई। युवक तिलक नगर में मां और पत्नी के अलावा दो बेटी राधिका, नितिशा व पुत्र हितेश के साथ रह रहा था। वहीं वर्धमान नगर में उसका भाई रामवीर व उदय सिंह अपने अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। घटना के बाद परिजनों में गमगीन माहौल बना हुआ है। इधर आर्मी यूनिट भरतपुर से आए वाहन में दिवंगत जवान का शव पैतृक गांव ले जाया गया। जहां सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार कराया जाएगा।


0 टिप्पणियाँ