चित्तौड़गढ़ - गोपाल चतुर्वेदी 
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एससी .एसटी .ओबीसी मोर्चा और संविधान रक्षक आंदोलन के राष्ट्रीय चेयरमैन राजेश लिलोठिया ने कहा है कि कांग्रेस की ओर से संविधान की रक्षा करने और संविधान को बचाए रखने के लिए  संविधान रक्षक बनाने के लिए आंदोलन चलाया जा रहा है। इसे अगर राजनीति से जोड़ा गया तो यह आंदोलन कमजोर पड़ जाएगा। इस आंदोलन का प्रारूप राजनीति से बिल्कुल अलग है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में जो आज सरकार है वह आरएसएस और भाजपा की विचारधारा पर कार्य कर रहे हैं और तानाशाही तरीके से देश चलाने के साथ और संविधान को खत्म करके हिंदू राष्ट्र बनाने की बात कर रहे हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के sc.st.obc मोर्चा और संविधान रक्षक आंदोलन के  राष्ट्रीय चेयरमैन प्रतिज्ञा दिवस समारोह में भाग लेने के लिए चित्तौड़गढ़ पहुंचे जहां पर एक निजी होटल में मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की बात कर रही है लेकिन क्या भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने से देश  के सभी नागरिकों को रोटी कपड़ा और मकान के साथ रोजगार भी मिल जाएगा? केंद्र सरकार सिर्फ इस तरह की बातें करके राजनीतिक स्लोगन देकर लोगों को गुमराह कर रही है और मुख्य मुद्दों से लोगों का ध्यान हटा रही है। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार ईडी सीबीआई और इनकम टैक्स को आगे करके विपक्ष की आवाज को दबाना चाह रही है और हम संविधान की रक्षा करने के लिए हर कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल को प्रतिज्ञा दिवस मनाने की शुरुआत देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की ओर से की गई थी। इस दिन गाड़िया लोहार घुमंतू और अर्ध घुमंतु समाज के लोगों के लिए उत्साह का दिन होता है और 6 अप्रैल के दिन ही देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश के 8 मुख्यमंत्रियों को लेकर चित्तौड़गढ़ दुर्ग पर तिरंगा फहराया था। उन्होंने बताया कि गाड़िया लोहार समाज के उत्थान  के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गाड़िया लोहार कल्याण बोर्ड की स्थापना भी की है। पर पूरे प्रदेश में घुमंतु, अर्ध घुमंतु और गाड़िया लोहार लोगों के लिए 100 करोड रुपए का बजट आवंटित किया है। इस अवसर पर एसएससी वित्त कमीशन के चेयरमैन शंकर यादव,    संविधान रक्षक अभियान के प्रदेश कोऑर्डिनेटर देवेंद्र सालवी भी मौजूद रहे।