कोटा ब्यूरो रिपोर्ट।
भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याण महोत्सव के तहत कोटा में भी 2 दिन विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। अहिंसा का संदेश देने के लिए कोटा में जीतो कोटा लेडीज विंग की ओर से अहिंसा रन का आयोजन किया गया। अहिंसा रन को यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने हरी झंडी दिखाकर उम्मेद क्लब से रवाना किया। 10 किलोमीटर की इस रैली में सभी समाजों के दो हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए और अहिंसा का संदेश दिया। सुबह 5 बजे से ही अहिंसा रैली को लेकर प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
रैली में 12 साल के बच्चों से लेकर 75 वर्ष तक के वरिष्ठ जनों ने हिस्सा लिया। रैली के शुभारंभ के मौके पर मंत्री शांति धारीवाल ने अहिंसा का संदेश देने के उद्देश्य से निकाली जा रही रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों को शुभकामना देते हुए कहा कि अहिंसा का संदेश भारत देश ने पूरी दुनिया को दिया है। उन्होंने कहा कि अहिंसा शब्द की आज के परिप्रेक्ष्य में बहुत जरूरत है। जुम्बा व एक्सरसाइज के बाद दौड़ शुरू हुई। दौड के रास्ते को भव्य तरीके से सजाया गया था जो अहिंसा व जियो और जीने दो संदेश दी रही है। दौड के रूट में जगह जगह मनोरंजन के लिए कई आकर्षक सेल्फी बूथ लगाए गए थे।
10 किमी की दौड़ के लिए उम्मेद क्लब से शारबाग,जयपुर गोल्डन,सरोवर टाकिज,जीएमए प्लाजा,सेवन वंडर,किशोर सागर कि पाल से जेडीबी होते हुए धावक उम्मेद क्लब पहुंचे। 10 किमी वाले धावकों ने इस मार्ग के 2 चक्कर लगाकर अपनी दौड़ पूरी की। इस दौड़ के हर धावक को मेडल व ई—सर्फिकेट दिया गया। 10 किमी की दौड़ के धावकों में 40 साल वर्ग से कम व अधिक महिला व पुरुषों की श्रेणी से प्रथम, द्वितीय व तृतीय सहित 12 पुरस्कार का वितरण किया गया। देश में करीब 65 से ज्यादा जगहों पर और दुनिया में करीब 23 से ज्यादा देशों में जैन इंटरनेशनल ट्रेड आर्गनाइजेशन,जीतो की लेडीज विंग द्वारा आयोजित किया गया।
अहिंसा पदयात्रा का आयोजन
वहीं जैन समाज की ओर से भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के तहत अहिंसा पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा घटोत्कच चौराहे से शुरू होकर विभिन्न मार्ग से होती हुई दान बाड़ी पहुंची। रास्ते में जगह जगह पदयात्रा का स्वागत किया गया। यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल भी पदयात्रा में शामिल हुए।


0 टिप्पणियाँ