सवाई माधोपुर - हेमेंद्र शर्मा
सवाई माधोपुर जिले में ठेकेदार द्वारा ओपन लीज क्षेत्र को बिना चिन्हित किए अवैध रूप से बजरी खनन किए जाने के विरोध में लामबंद ग्रामीणों ने आज जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही अवैध खनन कर रहे ठेकेदार के विरुद्ध कार्यवाही करने का जिला पुलिस एवं प्रशासन से आग्रह किया ।साथ ही सात दिवस का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी और कहा कि सात दिवस के भीतर ठेकेदार के विरुद्ध कार्यवाही नहीं हुई तो राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोडी लाल मीणा के नेतृत्व में बड़ा आंदोलन  किया जाएगा। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दीपक मीणा के नेतृत्व में दर्जनों की तादाद में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे । जहां जिला प्रशासन एवं पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । ग्रामीणों ने मांग करते हुए कहा कि बिना सीमांकन के खनन नहीं किया जाए अवैध बजरी खनन बंद किया जाए , सीमांकन करवाया जाए तथा इस लीज क्षेत्र में बाउंड्री पिलर स्थापित किए जाएं। इसके अलावा तोलने का कांटा लीज क्षेत्र की बाउंड्री पर स्थापित किया जाए ।ग्रामीणों ने मांग करते हुए कहा कि ओवरलोड बजरी परिवहन पर सख्ती से पाबंदी लगाई जाए तथा जिले में संचालित अवैध नाको को त्वरित प्रभाव से हटाया जाए। जिले में रोजगार व सस्ती बजरी मिलने के उद्देश्य को लेकर ट्रैक्टर चालकों को विशेष छूट देकर रॉयल्टी बनाई जाए। जिससे लोगों को सस्ती बजरी मिल सके। इसके अलावा ठेकेदार द्वारा क्षेत्र में भय व्याप्त करने के लिए बिना नंबर की कई गाड़ियों को जब्त किया जाए। साथ ही गुंडागर्दी करने वाले ठेकेदार के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाए।