चित्तौड़गढ़ - गोपाल चतुर्वेदी
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा है कि सचिन पायलट का कांग्रेस पार्टी मैं अब कोई भविष्य नहीं है उन्हें कांग्रेस छोड़कर अलग राजनीतिक दल बनाना चाहिए। जिससे कि प्रदेश में तीसरे मोर्चे की संभावनाएं प्रबल हो सके। उन्होंने कहा कि आरपीएससी भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में मुख्यमंत्री के करीबी सचिव, मंत्री और अधिकारी पूरी तरह से शामिल है जिसकी सीबीआई से जांच करवाने की मांग भी की है।
लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हनुमान बेनीवाल दो दिवसीय मेवाड़ क्षेत्र के दौरे पर हैं। इसी सिलसिले में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन्होंने आज सर्किट हाउस में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और विधानसभा चुनाव में जुट जाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान में पिछले साढे 4 सालों में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने मिलकर सरकार चलाई है। जब सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बगावत की थी उस समय भाजपा की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अंदरूनी तौर पर सरकार बचाने में सहयोग किया। जिससे साफ जाहिर होता है कि दोनों ही दल मिलकर प्रदेश की जनता को धोखा देने के साथ अंधेरे में रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री पद के लिए 12 दूल्हे और एक दुल्हन है जो की मुख्यमंत्री पद के दावेदार है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में आरएलपी का सीधा मुकाबला भाजपा से है और कांग्रेस पार्टी अब खत्म होने के कगार पर पहुंच गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री गहलोत पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री के तौर पर उनका अंतिम कार्यकाल है और आने वाले विधानसभा चुनाव के बाद उनके नाम के पहले हमेशा के लिए पूर्व मुख्यमंत्री लगना तय है। एक प्रश्न के उत्तर में बेनीवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता के लिए आरएलपी ने हमेशा आवाज उठाई है चाहे वह लोकसभा हो या विधानसभा और आगे भी आमजन के लिए आरएलपी सदैव जनहितार्थ कार्यों के लिए तत्परता के साथ काम करेंगे।
चित्तौड़गढ़ पहुंचने से पहले आरएलपी के राष्ट्रीय संयोजक हनुमान बेनीवाल मेवाड़ के सुप्रसिद्ध कृष्ण धाम श्री सांवलिया जी के दर्शन किए। सर्किट हाउस पहुंचने पर आरएलपी के जिलाध्यक्ष सागर चौधरी, अशोक जाट सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने उनका फूल माला पहनाकर स्वागत किया।

0 टिप्पणियाँ