सवाई माधोपुर - हेमेंद्र शर्मा
राज्य सरकार के निर्देशानुसार सवाई माधोपुर जिले में भी 24 अप्रैल 2023 से 30 जून 2023 तक महंगाई राहत कैम्प आयोजित किये जायेंगे । आगामी दिनों में जिले में आयोजित होने वाले महंगाई राहत कैम्प को लेकर आज अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉक्टर सूरज सिंह नेगी द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता के दौरान एडीएम ने मीडियाकर्मियों से रूबरू होते हुए बताया कि जिले में 24 अप्रेल से आयोजित होने वाले महंगाई राहत कैम्प में दो तरह के कैम्प आयोजित किये जायेंगे , स्थाई कैम्प व अस्थाई कैम्प। एडीएम ने बताया कि जिले में 40 स्थाई कैम्प लगाए जाएंगे। इन स्थाई कैम्पों के लिए राजकीय अस्पतास, गैस एजेन्सी, बस स्टेण्ड प्रमुख बाजार, शॉपिंग माल, रेल्वे स्टेशन, जिला कलेक्ट्रेट, पंचायत समिति , नगर पालिका व अन्य राजकीय/सार्वजनिक स्थल इत्यादि का चयन किया गया है। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत एंव नगर परिषद क्षेत्र में प्रत्येक वार्ड में दो दिवसीय अस्थाई केम्प लगाए जाएंगे। एडीएम ने बताया कि महंगाई राहत कैम्प के दौरान राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन किया जायेगा।  इस दौरान लाभार्थियों को टोकन दिया जायेगा साथ ही महंगाई राहत कैम्प के दौरान प्रशासन शहरों एंव प्रशासन गाँवो के संग अभियान की तरह ही एक ही जगह पर आमजन के सभी आवश्यक काम किये जायेंगे। एडीएम ने बताया कि 24 अप्रेल से आयोजित होने वाले महंगाई राहत कैम्प के आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। ताकि कैम्प के दौरान अधिक से अधिक लोगो को राहत एंव लाभ दिया जा सके। प्रेसवार्ता के दौरान एसडीएम कपिल शर्मा भी मौजूद रहे।