श्रीगंगानगर - राकेश शर्मा 
श्रीगंगानगर विधायक  राजकुमार गौड़ ने कहा कि जिला चिकित्सालय में चिकित्सीय सुविधाओं को इतना मजबूत बना देंगे कि किसी भी रोगी को उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा तथा तमाम तरह की जांच, उपचार की सुविधा यही पर सुलभ हो सकेगी।
गौड़ ने बुधवार को राजकीय चिकित्सालय के दंत रोग विभाग में विधायक कोष से स्वीकृत डेन्टल चेयर, एक्स-रे विभाग में मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना मद से सीआर मशीन, आईसीयू, एसएनसीयू व एमएनसीयू के लोकार्पण कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि इन तीनों सुविधाओं पर लगभग एक करोड़ की राशि व्यय की गई है। मैं चाहता हूं कि यहां के रोगियों को उपचार के लिये कही बाहर जाना ना पड़े। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विभाग में पहले कोविड लैब की स्थापना की गई, जिससे यहां के नागरिकों को इसका लाभ मिला। पहले ये जांच बाहर भेजी जाती थी, जिसकी रिपोर्ट आने में सात दिवस का समय लगता था। जांच प्रारम्भ होने के बाद 24 घंटे के अंदर रिपोर्ट प्राप्त हो जाती है। कोविड-19 के दौरान ऑक्सीजन की कमी से कोई भी क्षति नहीं हुई।
लाभार्थियों को 1 अप्रैल से 1100 रूपये से अधिक की बजाय 500 रूपये का गैस सिलेण्डर उपलब्ध होगा। राज्य सरकार हर वर्ग के लिये बेहतर प्रयास कर रही है।
जिला कलक्टर  सौरभ स्वामी ने कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में प्रत्येक व्यक्ति जुडे़ व इसका लाभ लें। उन्होंने कहा कि आज बहुत सी ग्राम पंचायतें चिरंजीवी पंचायतें घोषित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे गरीब व्यक्ति या परिवार जो मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना से नहीं जुड़े हुए हैं, वे आवश्यक होने पर मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना से सम्बद्व प्राईवेट हॉस्पिटल में उपचार के लिये निर्धारित प्रपत्र-8 भरकर उपचार की सहायता के लिये ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उनके समक्ष आवेदन प्रस्तुत होने पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करते हुए संबंधित को उपचार की समुचित सुविधा उपलब्ध करवाई जायेगी।
जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना के तहत रोगियों को दवाईयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्य के नागरिक राज्य में दुर्घटना से प्रभावित होता है तो 72 घंटे के भीतर इस योजना के तहत उसे उपचार उपलब्ध करवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि राईट टू हेल्थ के आने से सभी नागरिकों को इसका फायदा होगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का मुख्य उद्देश्य यहां के छात्र-छात्राएं पीजी करके स्पेशलाईजेशन करने के बाद अपने ही जिले में सेवा दें। साथ ही चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में दो घुटनों के रिप्लेसमेंट हुए हैं, जो वास्तव में बहुत बड़ी उपलब्धि है। इसी के साथ ही  गौड़ व जिला कलक्टर ने अन्नपूर्णा रसोई व एमसीएच भवन का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में पीएमओ डॉ. केएस कामरा, आरसीएचओ डॉ. गिरधारी लाल, डॉ. राजकुमार बाजिया,  जेपी श्रीवास्तव, डॉ. प्रेम बजाज,  सुरेन्द्र पारीक,  रविन्द्र शर्मा, नर्सिंग अध्यक्ष  सतपाल सहित नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।