जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अमृतपाल के मुद्दे पर बीजेपी-आरएसएस और पंजाब की आप सरकार पर निशाना साधा है। बीजेपी आरएसएस का लोकतंत्र में यकीन नहीं है। ये फासिस्ट लोग हैं। हिंदू राष्ट्र के नाम पर क्या मजाक लगा रखा है। जनता को बर्बाद क्यों कर रहे हो? गहलोत शनिवार को सांगानेर स्टेडियम में कांग्रेस के जयपुर संभाग के सम्मेलन में बोल रहे थे।

गहलोत ने कहा- अमृतपाल सिंह नया भिंडरावाले पैदा हो रहा है। जबसे पंजाब में आप की सरकार आई है पाकिस्तान से ड्रोन आ रहे हैं, जो ड्रग्स फैंक रहे हैं। अमृतपाल ने क्या कहा कि मोदी और आरएसएस हिंदू राष्ट्र की बात करेंगे तो मैं सिख हूं मैं खालिस्तान की बात क्यों नहीं करूंगा? बीजेपी की हिंदू राष्ट्र की मांग से उसका हौंसला बढ़ गया। 50 साल पहले दक्षिण के राज्यों से अलग होने की मांग आती थी। रूस हमारा मित्र देश था, उसके 15-16 टुकड़े हो गए। यूक्रेन भी रूस का ही पार्ट था।

धर्म के नाम पर ये क्यों बेवकूफ बना रहे हैं?
सीएम अशोक गहलोत ने कहा-सत्ता में बैठे लोगों का लोकतंत्र में यकीन ही नहीं है, ये फासिस्ट लोग हैं। इनकी विचारधारा कभी लोकतंत्र की रही नहीं है। आरएसएस ने आजादी के कई साल बाद तक तिरंगा नहीं लगाया, अब जाकर ये तिरंगा लगाने लगे हैं। धर्म के नाम पर ये क्यों बेवकूफ बना रहे हैं?

हिटलर भी बहुत लोकप्रिय हुआ था, उसने जर्मनी को बर्बाद कर दिया था

गहलोत ने कहा- धर्म की बात करोगे तो लोक​प्रिय होना बहुत आसान है। तानाशाह हिटलर भी जर्मनी में खूब लोकप्रिय हुआ था। अगर आप धर्म की बात करेंगे तो लो​कप्रियता आसमान छू लेगी। हिटलर के बाद जर्मनी का क्या हुआ, जर्मनी को उसने बर्बाद कर दिया जिसकी आज भी चर्चा होती है।

एक पार्टी का राज चाहते हैं बीजेपी—आरएसएस
गहलोत ने कहा- बीजेपी देश में वन पार्टी रूल लाना चाहती है, ये उसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हिंदू राष्ट्र के नाम पर बीजेपी जनता को गुमराह कर रही है, सरकार बदलने में कांग्रेस को कोई एतराज नहीं क्योंकि हमने तो खुद देश को लोकतंत्र दिया। किसी भी पार्टी का सत्ता में रहने का ठेका नहीं होता। राहुल गांधी के खानदान का पिछले 30 साल से कोई भी किसी पद पर नहीं है। य प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दो बार राहुल गांधी को पीएम बनने का प्रपोजल दिया था जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। ऐसे व्यक्ति की इमेज खराब करने में बीजेपी करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। अब तो राहुल गांधी को लोकसभा से निष्कासित कर दिया, ऐसे में देश में लोकतंत्र कैसे बचेगा।

राहुल गांधी को निष्कासित करने के नतीजे भुगतने होंगे

गहलोत ने कहा- राहुल गांधी को संसद से निकालने के नतीजे इन्हें भुगतने होंगे आज धर्म के नाम पर यह भले ही सत्ता में आ गए हो लेकिन याद रखें कि किसी चीज को बनाने में सालों लग जाते हैं जबकि बर्बाद करने में समय नहीं लगता और आज की सरकार देश को बर्बाद कर रही है। राहुल गांधी को निष्कासित करने का बीजेपी और केंद्र सरकार ने षड्यंत्र किया। यह षड्यंत्र उस समय किया जब राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा की लोकप्रियता उन्होंने देखी, जिसमें लाखों लोग राहुल गांधी के साथ शामिल हुए। उनकी दादी इंदिरा गांधी देश के लिए शहीद हुई उनके पिता देश के लिए शहीद हुए और उनकी मां जिसने देश के प्रधानमंत्री का पद ठुकरा कर मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया, उनके बेटे को लोकसभा से निष्कासित कर दिया जाए।