हनुमानगढ- विश्वास कुमार 
राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष ( राज्यमंत्री) पवन गोदारा और जिला कलेक्टर रुक्मणि रियार ने गुरुवार को रावतसर पंचायत समिति सभागार में आयोजित ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई में हिस्सा लिया। रावतसर एसडीएम रवि कुमावत ने बताया कि पंचायती राज, राजस्व, शिक्षा, सांख्यिकी, सिंचाई, चिकित्सा, नगरपालिका, विद्युत विभाग, पेयजल और पुलिस विभाग से सम्बन्धित प्राप्त 29 प्रकरणों में से 10 प्रकरण मौके पर ही निस्तारित किए गए । शेष 19 प्रकरणों पर कार्यवाही हेतु जिला कलेक्टर रुक्मणि रियार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए ।  अवैध अतिक्रमण, पट्टे, भूमि आवंटन, नामांतरण, पेंशन, रोड़ लाइट और पानी निकासी से संबंधित परिवेदनाओं का निपटान किया गया ।गोदारा ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान जितनी परिवेदनाएं आईं उनमें से ज्यादातर का मौके पर निस्तारण किया गया। अन्य परिवेदनाओं को संबंधित विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए। श्री गोदारा ने आम नागरिकों की भी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करवाने के निर्देश दिए। श्री गोदारा ने जनसुनवाई में जनप्रतिनिधियों को भी अधिक से अधिक संख्या में आकर लोगों की परिवेदनाओं का निस्तारण करवाने हेतु अपील की।साथ ही गोदारा ने कहा की जनसुनवाई को लेकर राज्य सरकार की मंशा है कि लोगों की समस्याओं का ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर पर ही निस्तारण हो ताकि उन्हें जिला मुख्यालय पर जाना ही ना पड़े। लिहाजा प्रत्येक माह के प्रथम गुरुवार को ग्राम पंचायत, दूसरे गुरुवार को ब्लॉक मुख्यालय पर और तीसरे गुरुवार को जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई की जाती है। इसमें खास बात ये कि इस जनसुनवाई की मॉनिटरिंग खुद मुख्य सचिव के द्वारा की जा रही है। ताकि लोगों की परिवेदनाओं का क्वालिटी के साथ निस्तारण हो। गोदारा ने इन कहा कि 24 अप्रैल से महंगाई राहत कैंप लगाए जा रहे है, जिसमें मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर योजनांतर्गत 500 रुपए में गैंस सिलेंडर, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को निशुल्क 100 यूनिट प्रतिमाह, कृषि उपभोक्ताओं को 2000 यूनिट प्रतिमाह निशुल्क, निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना, महात्मा गांधी नरेगा ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (25 अतिरिक्त दिवस तथा कथौड़ी, सहरिया व विशेष योग्यजन को 100 दिवस अतिरिक्त), इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना (125 दिवस), सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना (न्यूनतम 1000 रुपए पेंशन प्रतिमाह), मुख्यमंत्री कामधेनु बीमा योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में अब 25 लाख रुपए का बीमा, चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना अंतर्गत अब 10 लाख रुपए का बीमा इत्यादि योजनाओं का फायदा आमजन को हाथोंहाथ मिलेगा।