संभाग के सबसे बड़े अस्पताल मथुरादास माथुर हॉस्पिटल में अब आईसीयू के लिए मरीजों को वेटिंग नहीं करनी पड़ेगी। कई सालों से तैयार हो रहे मल्टीलेवल आईसीयू को आखिरकार बुधवार को शुरू कर दिया गया। 120 बेड के आईसीयू को तैयार करने में 18 करोड से ज्यादा के उपकरण लगे हैं।
एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ विकास राजपुरोहित ने बताया कि इस मल्टीलेवल आईसीयू के शुरू होने से पुरानी बिल्डिंग में जो गंभीर मरीजों का भार रहता था उसे काफी हद तक कम किया जा सकेगा। वर्तमान में सबसे ज्यादा डिमांड मेडिकल आईसीयू की है इसीलिए फिलहाल इस बिल्डिंग में पहले चरण में मेडिकल आईसीयू ही शुरू किया गया है। इसके बाद धीरे-धीरे सभी 5 फ्लोर पर आईसीयू शुरू कर दिए जाएंगे।
एक फ्लोर पर 26 बेड
किस मल्टीलेवल आईसीयू में कुल 5 फ्लोर है और हर फ्लोर पर 26 बेड की व्यवस्था की गई है। फिलहाल सेकंड फ्लोर पर मेडिकल आईसीयू के 26 बेड पर मरीजों को भर्ती करना शुरू किया गया है।
क्या है मल्टीलेवल आईसीयू की खासियत
- 5 फ्लोर की बिल्डिंग है एमडीएम अस्पताल के अंदर ही।
- 9 आईसीयू वार्ड है कुल।
- हर फ्लोर पर 26 बेड आईसीयू के लगे हुए हैं।
- 120 बेड का कुल मल्टीलेवल आईसीयू होगा।
- 18 करोड से अधिक के उपकरण इसमें लगाए गए हैं।
यह रहेगी आईसीयू में व्यवस्था
पहला फ्लोर एनेस्थीसिया आईसीयू के लिए रिजर्व रखा गया है। दूसरे फ्लोर पर मेडिकल आईसीयू होगा और तीसरे फ्लोर पर सुपर स्पेशलिटी आईसीयू शिफ्ट किया जाएगा। चौथे फ्लोर पर जनरल सर्जरी आईसीयू व्यवस्था बाद में की जाएगी। फिलहाल सिर्फ सेकंड फ्लोर शुरू किया गया है।


0 टिप्पणियाँ